खेल

26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, जांजगीर में जुटे प्रदेशभर के प्रतिभावान खिलाड़ी

जांजगीर-चांपा, 22 अगस्त 2026

जांजगीर के शासकीय हाई स्कूल मैदान में शनिवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने किया। इस अवसर पर मैदान खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गगन जयपुरिया, इंजी. रवि पाण्डे, श्री अमर सुल्तानिया, श्री कार्तिकेश्वर स्वर्णकार, श्री हितेश यादव, श्रीमती नंदनी राजवाड़े, श्री विवेका गोपाल, कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अशोक सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खेल प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

चार दिनों तक चलेगा खेलों का महासंग्राम

चार दिवसीय यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 22 से 25 अगस्त 2026 तक आयोजित की जा रही है। प्रदेश के पांच जोन से प्रतिभावान खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में मल्लखंब के बालक एवं बालिका वर्ग में 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग तथा हैंडबॉल के बालक एवं बालिका वर्ग में 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

खेल से बनता है अनुशासन और आत्मविश्वास

शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है।

उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना के साथ मैदान में उतरकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना है।

कलेक्टर सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें पूरे अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।

चार दिनों तक चलने वाली इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मल्लखंब और हैंडबॉल के रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। जांजगीर की धरती पर प्रदेशभर के युवा खिलाड़ियों का यह जमावड़ा खेल प्रतिभाओं को नई पहचान और बेहतर अवसर देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image