खेल

सुथार के 10 विकेट से भारत 165 रन से जीता

भारत ने गॉल टेस्ट में श्रीलंका को 165 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। यह भारत का 600वां टेस्ट मैच था। श्रीलंका को जीत के लिए 372 रन का टारगेट मिला था, लेकिन टीम दूसरी पारी में 206 रन पर ऑलआउट हो गई।

भारत की जीत के हीरो 24 साल के स्पिनर मानव सुथार रहे। उन्होंने मैच में 10 विकेट लिए। दूसरी पारी में 55 रन देकर 6 विकेट लेने वाले सुथार ने श्रीलंका के आखिरी चार विकेट सिर्फ 10 गेंद में लेकर भारत को जीत दिलाई। देवदत्त पडिक्कल को उनकी 167 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

सुथार ने पहली पारी में 76 रन देकर 4 विकेट लिए। दूसरी पारी में उन्होंने 6 विकेट झटके। श्रीलंका की दूसरी पारी के आखिरी में सुथार ने दो ओवर में 4 विकेट लेकर मैच पलट दिया।

सुथार ने 75वें ओवर की पहली गेंद पर सोनल दिनुषा को 84 रन पर आउट किया। अगली ही गेंद पर प्रभात जयसूर्या को बोल्ड कर दिया। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर लाहिरू कुमारा को विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच कराकर सुथार ने दूसरी पारी में अपना पांचवां विकेट लिया। इसके बाद अगले ओवर में केशरा नुवानथा को बोल्ड कर उन्होंने मैच में अपना 10वां विकेट लिया।

178 रन की बढ़त के बाद भारत ने दूसरी पारी में तेजी से रन बनाने की कोशिश की। ऋषभ पंत ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 66 रन बनाए। उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल ने 44 और केएल राहुल ने 35 रन बनाए। भारत की दूसरी पारी 193 रन पर खत्म हुई। इस तरह श्रीलंका के सामने 372 रन का टारगेट रखा।

372 रन का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हालांकि बाद में सोनल दिनूषा और कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने पारी को संभाला। दिनूषा ने 84 और धनंजय ने 59 रन बनाए।

धनंजय को रवींद्र जडेजा ने आउट कर 95 रन की साझेदारी तोड़ी। इसके बाद निरोशन डिकवेला भी आउट हो गए। लंच तक श्रीलंका 6 विकेट पर 175 रन तक पहुंचा था। इसके बाद मानव सुथार ने 4 विकेट लेकर भारत को जीत दिला दी।

Leave Your Comment

Click to reload image