BCCI का बड़ा फैसला, अहमदाबाद में होगा IPL का फाइनल
मुंबई
IPL 2025 का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसी मैदान पर क्वालिफायर-2 भी खेला जाएगा। यह फैसला मंगलवार को BCCI की एक बैठक में लिया गया।
बोर्ड ने बताया कि क्वालिफायर-1 और एलिमिनेटर मैच मोहाली के पास मुल्लानपुर स्टेडियम में खेला जाएगा। इतना ही नहीं, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच 23 मई को बेंगलुरु में होने वाले मैच को बारिश के कारण लखनऊ शिफ्ट कर दिया है।
भारत-पाकिस्तान तनाव के कारण 9 मई को IPL को रोका गया था। फिर 17 मई से लीग के शेष मैचों की शुरुआत हुई। अब तक मौजूदा सीजन के 61 मैच खेले जा चुके हैं। अभी 13 मैच बचे हुए हैं।
हैदराबाद की टीम मंगलवार को बेंगलुरु के लिए रवाना होने वाली थी, लेकिन टीम ने उड़ान कैंसिल कर दी है। अब टीम बेंगलुरु के खिलाफ मैच तक लखनऊ में ही रुकेगी। बताया जा रहा है कि मौसम विभाग ने बेंगलुरु में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौजूदा सीजन में तीन टीमें प्लेऑफ में पहुंच चुकी हैं। इनमें गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स शामिल हैं। 18 मई रविवार को दिल्ली में गुजरात ने दिल्ली को दिल्ली कैपिटल्स को 10 विकेट से हराया था। गुजरात की इस जीत से गुजरात, बेंगलुरु और पंजाब ने प्लेऑफ में प्रवेश कर लिया था।
BCCI ने कहा, पहले, मैच खेलने की शर्तों में बताया गया था कि लीग मैचों को शुरू करने के लिए 60 मिनट का अतिरिक्त समय उपलब्ध रहता था। प्लेऑफ मैचों में, यह समय 120 मिनट तक बढ़ा दिया गया था। हाल ही के सीजन में बारिश के मौसम को देखते हुए IPL गवर्निंग काउंसिल ने फैसला किया है कि 20 मई से सभी मैच शुरू करने के लिए 120 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है। इसकी दर्शक क्षमता 1 लाख 32 हजार है। इससे पहले दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न का नाम शुमार था। MCG की क्षमता एक लाख दर्शक है।