भारत ने विमेंस वनडे ट्राई सीरीज जीती
कोलंबो
श्रीलंका में हो रहे विमेंस वनडे ट्राई-सीरीज के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 97 रन से हरा दिया। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर बैटिंग का फैसला किया। स्मृति मंधाना के शतक की बदौलत टीम ने 7 विकेट खोकर 342 रन बनाए।
जवाब में श्रीलंकाई विमेंस 48.2 ओवर में 245 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम से कप्तान चमारी अथापथु ने सबसे ज्यादा 51 रन बनाए। निलकशिखा सिल्वा ने 48 रन बनाए। भारत से स्नेह राणा ने 4 विकेट लिए। वहीं अमनजोत कौर ने 3 विकेट चटकाए।
मंधाना विमेंस वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली तीसरी प्लेयर बनी। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उनके अलावा हरलीन देओल ने 47, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 41 और पिछले मैच में सेंचुरी लगाने वाली जेमिमा रोड्रिग्स ने 44 रन की पारी खेली। श्रीलंका की तरफ से देवमी विहंगा और सुंगधिका कुमारी को 2-2 विकेट मिले। भारत के लिए पेसर क्रांति गौड़ ने डेब्यू किया।
पहले बैटिंग कर रही भारतीय टीम की ओपनर स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 70 रन जोड़े। रावल को इनोका राणावीरा ने पवेलियन भेजा। इसके बाद मंधाना ने हरलीन के साथ मिलकर शतकीय साझेदारी की। दोनों ने मिलकर 106 बॉल पर 120 रन बनाए।
श्रीलांकाई स्पिनर विहंगा ने हरलीन को आउट करके साझेदारी ब्रेक की। हरलीन ने 47 रन बनाए। मंधाना ने एक छोर संभाले रखा और तेजी से बैटिंग करते हुए अपने करियर का 11वां शतक लगा दिया। उन्होंने 101 गेंदों में 2 छक्के और 15 चौकों की मदद से 116 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 114 से भी अधिक रहा। स्मृति मंधाना ने महिला वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक बनाने के मामले में इंग्लैंड की टॉमी ब्यूमोंट को पीछे छोड़ा और रिकॉर्ड्स की लिस्ट में तीसरे पायदान पर आ गई। इस लिस्ट में पहला नाम मैग लेनिंग (15 शतक) और दूसरा नाम सूजी बेट्स (13 शतक) का हैं। 343 रन के जवाब में श्रीलंका की पारी की शुरुआत खराब रही। टीम ने शून्य के स्कोर पर ओपनर हसिनी परेरा का विकेट गंवा दिया। उन्हें अमनजोत कौर ने बोल्ड किया। इसके बाद कप्तान चमारी ने पारी को संभाला और बैक-टु-बैक 2 अर्धशतकीय साझेदारी की। उन्होंने गुणरत्ने के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 68 और निलकशिखा सिल्वा के साथ 53 रन जोड़े। कप्तान ने 66 बॉल पर 51 रन बनाए। उन्हें स्नेह राणा ने बोल्ड किया। स्नेह राणा ने 4 विकेट चटकाए और अमनजोत कौर को 3 विकेट मिला।