विजय हजारे ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ की हार से शुरूआत
रायपुर
विजय हजारे ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ ने खराब शुरुआत की है। गोवा के साथ खेले गए पहले मुकाबले में टीम को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए छत्तीसगढ़ की टीम 48.5 ओवर में 233 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में गोवा ने लक्ष्य को 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
छत्तीसगढ़ की ओर से आयुष पांडे और अनुज तिवारी ओपनिंग करने उतरे। डेब्यू कर रहे पांडे की बल्लेबाजी काफी धीमी रही, 48 गेंद खेलकर वो केवल 17 रन ही बना पाए। वहीं अनुज तिवारी की शुरुआत में बैंलेंस दिखा, लेकिन वो इसे बड़ी पारी में कन्वर्ट नहीं कर पाए। तिवारी ने 27 गेंदों में 29 रन जड़े।
इसके बाद मिडिल ऑर्डर में डेब्यू कर रहे मयंक वर्मा (विकेटकीपर) ने 79 गेंदों में 64 रन और कप्तान अमनदीप खरे ने 75 गेंदों में 76 रन बनाकर टीम को संभाला। लेकिन इन दोनों के आउट होते ही पूरी टीम ने घुटने टेक दिए। पांच बल्लेबाज तो दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाए।
टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई। और 48.5 ओवर में 233 रन पर सिमट गई।
234 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गोवा की टीम ने 44.1 ओवर में 4 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। गोवा की ओर से स्नेहल कौथांकर ने 116 गेंदों में 107 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 1 छक्का लगाया। शुरुआत से अंत तक क्रीज पर टिके रहकर उन्होंने टीम को जीत तक पहुंचाया।
उनका साथ काश्यप बाखले ने दिया, जिन्होंने 68 गेंदों में 48 रन बनाए। इसके अलावा ललित यादव ने 47 गेंदों में 43 रन की उपयोगी पारी खेली। कप्तान दीप्राज गायकवाड़ 12 गेंदों में 11 रन बनाकर नाबाद लौटे।