वर्ल्डकप टीम से बाहर किए गए गिल विजय हजारे खेलेंगे:
वर्ल्डकप टीम से बाहर किए गए गिल विजय हजारे खेलेंगे:पंजाब की टीम में अभिषेक और अर्शदीप के भी नाम; 24 दिसंबर से टूर्नामेंट
भारत के वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल विजय हजारे ट्रॉफी खेलेंगे। सोमवार को पंजाब ने टूर्नामेंट के लिए अपनी 18 सदस्यीय टीम का ऐलान किया, जिसमें गिल के साथ अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं।
पंजाब अपने अभियान की शुरुआत 24 दिसंबर को महाराष्ट्र के खिलाफ करेगा। हालांकि, गिल, अभिषेक और अर्शदीप कितने मैच खेल पाएंगे, इसे लेकर स्थिति साफ नहीं है, क्योंकि भारत को 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे और टी-20 सीरीज खेलनी है।
गिल का चयन इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि उन्हें हाल ही में भारत की आगामी टी-20 वर्ल्ड कप टीम और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज से बाहर कर दिया गया था। ऐसे में विजय हजारे ट्रॉफी गिल के लिए खुद को दोबारा साबित करने, फॉर्म में लौटने और व्हाइट-बॉल क्रिकेट में अपनी क्लास दिखाने का बड़ा मौका होगी।