खेल

मैच में हनुमान जी की गदा लेकर बैठी रहीं आकांक्षा

रायपुर

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य आकांक्षा सत्यवंशी ने हाल ही में गृहमंत्री विजय शर्मा से उनके सरकारी निवास पर मुलाकात की। उन्होंने मैच के दौरान का एक दिलचस्प किस्सा सुनाया, जिसने सबको मुस्कुराने पर मजबूर कर दिया।

आकांक्षा ने बताया कि फाइनल मैच के दौरान टीम की खिलाड़ी राधा यादव हनुमान चालीसा पढ़ रही थीं। तभी साथी खिलाड़ी क्रांति गौर ने आकांक्षा से कहा कि, आपको यह गदा पूरे मैच के दौरान हाथ में रखनी होगी।

आकांक्षा पूरे मैच के दौरान हनुमान जी की गदा हाथ में लेकर बैठीं। नतीजा यह हुआ कि टीम ने शानदार जीत दर्ज की। आकांक्षा हंसते हुए बोलीं कि, शायद गदा और हनुमान जी की कृपा का ही असर था कि हम जीत गए। आकांक्षा सत्यवंशी दुर्ग में जन्मी और रायपुर निवासी हैं, जबकि उनका पैतृक गांव कवर्धा में है। उन्होंने स्कूली शिक्षा और फिजियोथेरेपी में बैचलर की पढ़ाई छत्तीसगढ़ में पूरी की और मास्टर्स डिग्री कटक से हासिल की

गृहमंत्री विजय शर्मा ने आकांक्षा की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने आकांक्षा को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

आकांक्षा ने कहा कि उनकी कोशिश है कि छत्तीसगढ़ के और युवा खेल और फिटनेस के क्षेत्र में आगे बढ़ें, क्योंकि मेहनत और विश्वास से हर मंजिल पाई जा सकती है।

Leave Your Comment

Click to reload image