"हर बात पर राजनीति जरूरी नहीं होती...":नक्सल मोर्च पर सरकार की तारीफ, कांग्रेस नेता सुरेन्द्र शर्मा से बातचीत
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाकों में सरकार की ओर से चल रही कार्रवाई को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेन्द्र शर्मा ने राज्य सरकार की तारीफ की है।
यह बातचीत छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा और कांग्रेस नेता सुरेन्द्र शर्मा के बीच हुई, जिसे डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया। उन्होंने इस बातचीत को पोस्ट करने की अनुमति भी सुरेन्द्र शर्मा से मांगी थी, जिसे सुरेन्द्र शर्मा ने स्वीकृति दी।इस बातचीत को साझा करते हुए डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा, कांग्रेस नेता सुरेन्द्र शर्मा और टीएस सिंहदेव जैसे वरिष्ठ नेताओं ने जिस स्पष्टता से अपनी राय रखी है, वह स्वागत योग्य है। नक्सल मुद्दा कोई सामान्य राजनीतिक विषय नहीं, यह छत्तीसगढ़ की दशकों पुरानी समस्या है, जिस पर सबको गंभीर रहना चाहिए।
इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने भी नक्सल मोर्चे पर सरकार की नीति का समर्थन किया था। उन्होंने नक्सली संघर्ष की तुलना राम-रावण युद्ध से करते हुए कहा था कि “जैसे प्रभु श्रीराम ने पहले रावण को शांति का संदेश भेजा, लेकिन जब रावण नहीं माना तो उसका वध किया।
ठीक वैसे ही अब सरकार नक्सलियों से निपट रही है। पहले बातचीत का प्रयास हुआ, मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश हुई, लेकिन जब वो नहीं माने तो अब हथियार का जवाब हथियार से दिया जा रहा है।”
गृहमंत्री विजय शर्मा ने यह भी कहा कि नक्सल मुद्दे पर सबको एक ही दिशा में सोचने की जरूरत है। “जवानों के शौर्य और बलिदान पर किसी भी प्रकार का राजनीतिक विवाद नहीं होना चाहिए। जो सही है, उसकी सराहना होनी चाहिए। कांग्रेस नेता सुरेन्द्र शर्मा का यह रवैया सराहनीय है।”
इस पूरी बातचीत ने नक्सल मुद्दे पर छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक नई दृष्टि सामने रखी है, जिसमें सरकार के अच्छे कार्यों को विपक्ष के नेताओं द्वारा भी खुले दिल से स्वीकार किया जा रहा है – बिना किसी राजनीतिक स्वार्थ के।