छत्तीसगढ़ में 10 फरवरी तक खरीदा जाए धान.
रायपुर
छत्तीसगढ़ में जारी धान खरीदी अभियान को लेकर आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
पार्टी का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था में बड़ी संख्या में किसानों को अब तक टोकन नहीं मिल पाए हैं, जिसके कारण वे समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित हो रहे हैं।रायपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में आप किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तारेंद्र चंद्राकर ने कहा कि सरकार की अव्यवस्थित प्रणाली के चलते किसान रोज खरीदी केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं। कई स्थानों पर सर्वर डाउन और तकनीकी खामियों के कारण टोकन जारी नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय-सीमा नहीं बढ़ाई गई तो हजारों किसान समर्थन मूल्य से वंचित रह जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
प्रेसवार्ता में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने जिला सहकारी बैंकों की अनिवार्यता को समाप्त करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को भुगतान किसी भी राष्ट्रीयकृत या निजी बैंक के माध्यम से करे। वर्तमान में किसानों को मिलने वाली 25 हजार रुपये की राशि भी किस्तों में दी जा रही है, जिससे उन्हें अपनी जरूरतों के लिए समय पर पैसा नहीं मिल पा रहा। पार्टी ने किस्त प्रणाली को समाप्त कर एकमुश्त भुगतान की मांग की है।
आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने किसानों की इन मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो पार्टी 5 फरवरी को प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन करेगी।