राजनीति

सांसद बृजमोहन ने बजट को बताया विकसित भारत का रोडमैप

रायपुर

रायपुर सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने लोकसभा में केंद्रीय बजट 2026-27 पर चर्चा में इसे 'आत्मविश्वास का बजट' बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के सशक्तिकरण के लिए समर्पित है।

सांसद ने कहा कि बीते ग्यारह वर्षों में देश ने तेज़ी से विकास किया है और वैश्विक पहचान बनाई है। इस बजट के जरिए भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा, अब भारत रुकेगा नहीं, झुकेगा नहीं और थमेगा नहीं। रायपुर सांसद ने बताया कि 'भारत विस्तार एआई मिशन' के तहत राज्य के किसानों को छत्तीसगढ़ी भाषा में उन्नत कृषि तकनीक सिखाई जाएगी। धान के समर्थन मूल्य में वृद्धि का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस के समय 1310 रुपए मिलते थे, जबकि आज मोदी सरकार 2369 रुपए और छत्तीसगढ़ में 3100 रुपए में खरीदी कर किसानों को लाभ मिला।

छत्तीसगढ़ के विकास पर भी उन्होंने ध्यान दिया। उन्होंने कहा, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के तहत दानकुनी से सूरत तक बनने वाला कॉरिडोर छत्तीसगढ़ से गुजरेगा, जिससे राज्य में औद्योगिक क्रांति आएगी। वहीं भुवनेश्वर से विशाखापट्टनम कॉरिडोर का लाभ भी छत्तीसगढ़ को मिलेगा।

युवाओं और महिलाओं के लिए भी राहत है। विदेश में पढ़ने वाले छात्रों को शिक्षा और चिकित्सा ऋण पर ब्याज दर 5% से घटाकर 2% किया गया है। हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल बनने से महिला सशक्तिकरण को गति मिलेगी।

आर्थिक दृष्टि से, सांसद ने कहा कि देश का बजट अब 53.47 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। राजकोषीय घाटा घटकर 4.4% हुआ है, और बैंक मुनाफे में हैं। उन्होंने बताया कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

सांसद ने कांग्रेस पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति अतीत की पीली डायरी जैसी हो गई है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी देश के उज्जवल भविष्य की किताब लिख रहे हैं। कांग्रेस शासन में संसाधन थे, लेकिन संकल्प नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सत्ता का माध्यम जनता की सेवा है, जबकि कांग्रेस के लिए यह 'परिवार की धरोहर' थी।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बजट को केवल खर्च का विवरण नहीं बल्कि देश के भविष्य में निवेश बताया और कहा कि यह भारत को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave Your Comment

Click to reload image