तमनार कोल खदान हिंसा...कांग्रेस का जांच दल रवाना
रायपुर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज तमनार के लिए रवाना हो गए हैं। उनके साथ घटना की जांच के लिए गठित कांग्रेस की जांच कमेटी भी तमनार पहुंचेगी और पूरे मामले की पड़ताल करेगी। बैज ने रायगढ़ कलेक्टर और एसपी पर कार्रवाई की मांग करते हुए न्यायिक जांच की भी मांग की है।
दीपक बैज ने कहा कि, यह आदिवासियों के आंदोलन को कुचलने की साजिश है। आदिवासी चोरी-छिपे कराई गई फर्जी जनसुनवाई के विरोध में शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे। पुलिस-प्रशासन ने ग्रामीणों को जबरन उठाकर थाने ले जाने, डराने-धमकाने और अभद्र व्यवहार किया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
दरअसल, छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में JPL कोयला खदान के विरोध में 14 गांवों के ग्रामीण पिछले 18 दिनों से धरने पर बैठे हैं। लिबरा रोड पर प्रदर्शनकारियों ने पेड़ काटकर सड़क पर रख दिए हैं, ताकि किसी तरह की आवाजाही न हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक जनसुनवाई से जुड़ा फैसला वापस नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
जनसुनवाई निरस्तीकरण को लेकर जिला प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच बैठक भी हुई है। घरघोड़ा SDM दुर्गा प्रसाद के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बातचीत हो चुकी है और धौराभाठा बाजार में हुई जनसुनवाई के निरस्तीकरण की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ी है। शनिवार को धरना स्थल से प्रदर्शनकारियों को हटाने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने तमनार थाना प्रभारी कमला पुषाम पर हमला किया, जिससे वे घायल होकर बेहोश हो गईं।घटना में SDOP अनिल विश्वकर्मा सहित कई पुलिसकर्मी घायल हुए।
कांग्रेस ने मामले की जांच के लिए 9 सदस्यीय कमेटी बनाई है। इसकी अध्यक्षता वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू करेंगे। कमेटी में शिवकुमार डहरिया, उमेश पटेल, विधायक लालजीत राठिया, विधायक इंद्रशाह मंडावी, विधायक उत्तरी जांगड़े, विधायक जनक ध्रुव, नागेंद्र नेगी और शाखा यादव शामिल हैं।कमेटी प्रभावित इलाकों का दौरा कर तथ्य जुटाएगी और अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेगी।