कल से सचिन पायलट का दो दिवसीय रायपुर दौरा
रायपुर
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट सोमवार को 2 दो दिवसीय दौरे रायपुर आ रहे हैं। पायलट 23 जून को कांग्रेस की एक के बाद एक लगातार पांच बैठकें होंगी। इस दौरान सरकार के खिलाफ और आक्रामक होने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी।
पायलट अपनी बैठक के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दौरे का रोडमैप भी तैयार करेंगे। वहीं, संगठन के विस्तार को लेकर भी बैठक में चर्चा की जाएगी।
सोमवार को सबसे पहले पायलट पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक लेंगे। इसमें पार्टी संगठन के आगामी कार्यक्रमों की बात की जाएगी। राज्य सरकार के खिलाफ चलाए जाने वाले आंदोलनों की रणनीति तैयार होगी। साथ ही संगठन की मजबूती के लिए चलाए जाने वाले अभियानों पर बात की जाएगी। इसमें प्रदेश कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।
इसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में संगठन के विस्तार को लेकर चर्चा की जाएगी। बताया गया है कि, पिछले महीने मई में जब सचिन पायलट संविधान बचाओ रैली में शामिल होने बिलासपुर आए थे, तभी उन्होंने संगठन विस्तार को हरी झंडी दे दी थी और माना जा रहा था कि उनकी वापसी के एक हफ्ते बाद ही सूची जारी कर दी जाएगी लेकिन एक महीने बाद भी सूची जारी नहीं हो पाई है।
बताया गया है कि संगठन विस्तार की बैठक में भी इसको लेकर फैसला लिया जा सकता है। रायपुर शहर के अलावा बिलासपुर शहर एवं ग्रामीण, राजनांदगांव शहर एवं ग्रामीण, खैरागढ़ और जशपुर जिले के अध्यक्ष के नाम पर भी सहमति नहीं बन पाई है।
इन जिलों में पेंच फंसे होने के कारण पीसीसी की विस्तारित कार्यकारिणी भी घोषित नहीं की जा सकी है। ऐसे में पायलट बैठक कर अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर भी फैसला ले सकते हैं।
पायलट सोमवार देर शाम को विधायकों की बैठक लेंगे। इसमें आगामी विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान उनके प्रदर्शन को लेकर बात होगी। बताया गया है कि विधायकों को सरकार की कमजोरियों को उजागर करने और आक्रामकता के साथ सवाल पूछने व चर्चा में शामिल होने की नसीहत दी जाएगी।