'देश को 10वें से चौथे स्थान पर लेकर आए मोदी':CM साय बोले-प्रधानमंत्री ने कोरोना काल में हनुमान बनकर दूसरे देशों को संजीवनी दी
रायपुर
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, साल 2014 तक भारत इकोनामिक क्षेत्र में 10वें स्थान पर था, लेकिन 10 साल के परिश्रम से पीएम मोदी उसको पांचवें स्थान पर ले आए हैं। अब एक और पायदान आगे घटकर चौथे स्थान पर खड़ा कर दिया है। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण ही हो सका है। दरअसल, सीएम साय ने मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर सिविल लाइंस स्थित सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। जहां CM ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनवाईं।
मुख्यमंत्री साय ने कोविड काल काे याद करते हुए कहा कि, हमारा तो वसुधैव कुटुंबकम का नारा है। कोविड के समय, प्रधानमंत्री के कारण पहली बार ऐसा हुआ कि हम लोग अपने देश में ही वैक्सीन ईजाद कर अपने लोगों को बचा पाए। इतना ही नहीं अन्य 100 से ज्यादा देशों को वैक्सीन भेजकर उनका भी सहयोग किया। कई देशों ने प्रधानमंत्री को हनुमान जी की संज्ञा दी है। जिस तरह से लक्ष्मण मूर्छित हुए तो संजीवनी पहाड़ लाकर हनुमान जी ने लक्ष्मण जी की रक्षा की। उसी तरह से कुछ देशों ने हनुमान जी का दर्जा प्रधानमंत्री को दिया है
CM ने कहा कि, प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ से वादा था कि, भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी तो मुख्यमंत्री का पहला काम होगा। गरीबों का आवास स्वीकृत करना। पहली कैबिनेट की बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दी गई। आज पूरे प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास का निर्माण का काम चल रहा है। इतने स्वीकृत हो गए हैं। अभी हम सुशासन तिहार के दौरान लोगों से पूछा कि, मकान बनने में देरी क्यों हो रही है, तो पता चला कि, इतने मकान बन रहे हैं कि राज-मिस्त्रियों की कमी हो गई है।
छत्तीसगढ़ में 425 माओवादियों को न्यूट्रलाइज किया गया है। 1388 माओवादी आत्मसमर्पण किया और 1443 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। यह सब प्रधानमंत्री के कारण ही संभव हुआ है। जो बड़े-बड़े नक्सली थे। बसवा राजू और सुधाकर जैसे प्रधानमंत्री के आशीर्वाद से हमारे जवान उनको न्यूट्रलाइज करने में सफल हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि, हमारा देश किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन कोई छेड़ता है तो हम उसे छोड़ते भी नहीं है। सर्जिकल स्ट्राइक हो चाहे ऑपरेशन सिंदूर हो यह सब हम लोगों के लिए गौरव की बात है।