चिराग पासवान बोले-बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश ही होंगे:
रायपुर
राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रायपुर में कहा कि, मुख्यमंत्री पद की बिहार कोई वैकेंसी नहीं है। बिहार में मौजूदा CM नीतीश हैं। विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद भी वही CM बनेंगे।
दरअसल, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान सोमवार को एक प्राइवेट इवेंट में शामिल होने छत्तीसगढ़ के रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि, आने वाले दिनों में मैं छत्तीसगढ़ लगातार आउंगा। हम यहां धीरे-धीरे संगठन भी मजबूत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि, बिहार से निकलकर धीरे-धीरे कई राज्यों में पार्टी का विस्तार कर रहे हैं। नागालैंड में दो विधायक और झारखंड में विधायक हैं। आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश, पंजाब और छत्तीसगढ़ में भी पार्टी का मजबूती से विस्तार हो सके। इस सोच के साथ काम करेंगे। चिराग पासवान ने कहा कि, मैं बहुत लंबे समय तक अपने आप को केंद्र की राजनीति में नहीं देखता हूं। मेरा राजनीति में आने का कारण ही बिहार और बिहारी लोग रहे हैं। ऐसे में मेरी इच्छा है कि, मैं जिस सोच के साथ राजनीति में आया हूं। मेरा अपना विजन है बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट।
उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि, मेरा राज्य बिहार विकसित राज्य की श्रेणी में बराबरी पर आकर खड़ा हो। तीसरी बार का सांसद बनने के बाद मुझे एहसास हो रहा है कि दिल्ली में रहकर संभव नहीं है। ऐसे में यह इच्छा मैंने पार्टी के सामने रखी है कि अब मैं जल्द बिहार वापस जाना चाहता हूं।
चिराग को बिहार विधानसभा चुनाव में उतारने की लोजपा रामविलास पार्टी ने तैयारी शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, चिराग पासवान सुरक्षित सीट के बजाए सामान्य सीट से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। सीटों के चयन को लेकर पार्टी मंथन करने में जुटी है।
इस साल के आखिर में बिहार विधानसभा का चुनाव होना है। सूत्रों की माने तो बिहार में चुनाव 3 चरण में हो सकते हैं। माना जा रहा है कि वोटिंग की डेट में दिवाली और छठ पर्व का ध्यान रखा जाएगा। 2020 का विधानसभा चुनाव 3 फेज में हुआ था। चुनाव आयोग की टीम इसी महीने बिहार जाएगी। हालांकि, अभी तारीख अभी तय नहीं है।
नीतीश कुमार का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 तक है। ऐसे में संभावना है कि सितंबर से अक्टूबर के बीच आचार संहिता लग जाएगी। माना ये भी जा रहा है कि सितंबर के आखिरी हफ्ते से चुनाव की शुरुआत हो सकती है, जो पूरे अक्टूबर तक चलेगी। अक्टूबर में तीन बड़े त्योहार हैं, ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि चुनाव तीन चरणों में कराए जा सकते हैं। नवंबर के पहले हफ्ते में नतीजे आ सकते हैं।