राजनीति

रायपुर में कांग्रेस की 'संविधान बचाओ यात्रा

रायपुर 

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस 'संविधान बचाओ यात्रा' निकाल रही है। गुरुवार को रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी मैदान से अंबेडकर चौक तक 'संविधान बचाओ यात्रा' निकाली। इस यात्रा में पूर्व मंत्री डॉ. शिव डहरिया, पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, वरिष्ठ नेता धनेंद्र साहू समेत कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। डॉ. शिव डहरिया ने कहा कि केंद्र और राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकारें संवैधानिक मूल्यों की अनदेखी कर रही हैं। शासन-प्रशासन संविधान के हिसाब से नहीं चल रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अनुसूचित जातियों, आदिवासियों और महिलाओं के अधिकारों का लगातार हनन किया जा रहा है।

शिव डहरिया ने कहा कि इस देश का संविधान जो सर्वोच्च है। उसकी रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी हमेशा काम करेगी। देश को आजाद करने वाली पार्टी कांग्रेस पार्टी है। लेकिन प्रदेश और केन्द्र में सांप्रदायिक पार्टी जो जाति धर्म के नाम पर लोगों को लड़ाने का काम कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज इसे लेकर कहते हैं- केंद्र की अधिनायकवादी मोदी सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था को तार-तार कर दिया है। देश के संसाधनों पर अपने पूंजीपति मित्रों का एकाधिकार बनाने लगातार जनविरोधी निर्णय थोपे जा रहे हैं, जिसके खिलाफ कांग्रेसजन हर स्तर पर लड़ाई लड़ रहे है।

बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दबाव में आकर जातीय जनगणना कराने के लिए यू-टर्न लिया है, जो भाजपा के नेता जातिगत जनगणना की मांग को देश तोड़ने की साजिश बताते थे, संसद में जातीय जनगणना की मांग करने वालों को बीजेपी के सांसद अर्बन नक्सल कहते थे, वे अब मोदी का मास्टर स्ट्रोक बता रहे हैं, इसलिए कांग्रेस पार्टी इस मांग पर जीत होने पर विजय सभा के रूप में 'संविधान बचाओ यात्रा' निकाल कर रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image