राजनीति

जनचौपाल में मुख्यमंत्री ने सुनी जनता की बात, विकास कार्यों की दी सौगात, ग्राम भीखमपुरा पहुंचे मुख्यमंत्री, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

सारंगढ़-बिलाईगढ़//

सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को जिले के ग्राम भीखमपुरा पहुंचे, जहां उन्होंने गौशाला परिसर में आयोजित जनचौपाल में आमजन से सीधा संवाद किया। पारंपरिक खाट पर बैठकर मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों तथा स्व-सहायता समूह की सदस्यों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करना तथा योजनाओं के क्रियान्वयन का जमीनी फीडबैक प्राप्त करना है। उन्होंने कहा कि सरकार गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रही है और उनके समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में आयोजित चौपालों और समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला में 26वां जन चौपाल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसानों के हित में संचालित योजनाओं, सौर ऊर्जा विस्तार तथा स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और विकास को जनभागीदारी से जोड़ना है।

ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत मांगों पर मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने सपेरा समाज के लिए सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण, बस्ती क्षेत्र में मंगल भवन निर्माण, गांव की आंतरिक गलियों में सीसी रोड निर्माण तथा चंडी मंदिर के समीप स्थित डबरी तालाब के सौंदर्यीकरण की घोषणा की। साथ ही प्राथमिक शाला का नामकरण पंडित हृदयानंद पाणिग्राही के नाम पर किए जाने की भी घोषणा की।

इस अवसर पर वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री का भीषण गर्मी के बीच सीधे गांव पहुंचकर लोगों से संवाद करना उनकी जनसेवा और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

कार्यक्रम में देरी की वजह से बिगड़ी व्यवस्था

पूर्व से तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर के माध्यम से 11:30 में पहुंचने वाले थे मगर हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण वे सड़क मार्ग से 3-4 घंटे देरी से पहुंचे। जिसके चलते कार्यक्रम स्थल में थोड़ी अव्यवस्था दिखाई दी। भीषण गर्मी, पेयजल की कमी और दोपहर में जलपान - भोजन की व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्रामीण, कार्यकर्ता और अधिकारीगण परेशान नजर आए। अगर तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पहुंचे होते तो सभी समय राहत अपने गंतव्य पहुंच गए होते

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पांडेय, उपाध्यक्ष अजय नायक, जिला पंचायत सदस्य अभिलाषा नायक एवं सहोदरा सिदार, जनपद पंचायत अध्यक्ष बरमकेला विद्या चौहान, पूर्व विधायक केरा बाई मनहर, जवाहर नायक,  जगन्नाथ पाणिग्राही, ज्योति पटेल, खनिज साधन विभाग के सचिव पी. दयानंद, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल, कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, प्रभारी पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image