राजनीति

किसानों की मांग को लेकर सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले के कांग्रेसीयो ने किया धरना प्रदर्शन ,

9 सूत्रीय मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सारंगढ़-बिलाईगढ़। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला किसान कांग्रेस सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने बुधवार को जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन कर कलेक्ट्रेट का घेराव किया। इस दौरान किसान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग की। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष रामकुमार साहू के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि जिले सहित प्रदेशभर के किसान खाद, बीज, डीजल, कृषि बिजली एवं धान भुगतान जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। किसानों को खेती-किसानी के समय पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पा रहा है, वहीं खाद वितरण व्यवस्था में अव्यवस्था और कालाबाजारी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।


ज्ञापन में किसान कांग्रेस ने मांग की है कि प्रति एकड़ खाद कटौती की नीति तत्काल समाप्त की जाए तथा सभी किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार एकमुश्त खाद उपलब्ध कराया जाए। साथ ही तीन बार में खाद वितरण की व्यवस्था को समाप्त कर छोटे-बड़े सभी किसानों को समान रूप से खाद देने की मांग की गई है। किसान कांग्रेस ने डीजल-पेट्रोल की सुचारू उपलब्धता सुनिश्चित करने, कृषि कार्यों के लिए किसानों को पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने तथा कृषि पंपों के लिए मुफ्त एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति की भी मांग उठाई है। इसके अलावा खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने और पूरे प्रदेश में खाद की एक समान दर लागू करने की मांग की गई। ज्ञापन में कृषि ऋण (केसीसी) की राशि बढ़ाकर 40 हजार रुपये प्रति एकड़ करने, धान एवं कृषि उपज का भुगतान एकमुश्त करने तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत किसानों को मिलने वाली अनुदान राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल है। किसान कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो प्रदेशभर में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। ज्ञापन पर किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में किसानों के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं।

मुख्य मांगें:
▪️ प्रति एकड़ खाद कटौती की नीति वापस हो।
▪️ खाद वितरण में तीन बार की व्यवस्था समाप्त हो।
▪️ आवश्यकता अनुसार खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए।
▪️ डीजल-पेट्रोल की सुचारू आपूर्ति हो।
▪️ किसानों को मुफ्त एवं पर्याप्त कृषि बिजली मिले।
▪️ खाद की कालाबाजारी पर रोक लगे।
▪️ केसीसी ऋण सीमा 40 हजार रुपये प्रति एकड़ की जाए।
▪️ धान एवं कृषि उपज का भुगतान एकमुश्त हो।
▪️ विभागीय योजनाओं की लंबित अनुदान राशि का भुगतान किया जाए।

आयोजन मे मुख्य रूप से सारंगढ़ विधायक श्रीमती उत्तरी गनपत जांगड़े ,बिलाईगढ़ विधायक कविता लहरे ,नगर पालिका अध्यक्ष सोनी अजय बंजारे, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ताराचंद देवागन ,किसान अध्यक्ष रामकुमार साहू,पुर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण मालाकर,   जिला पंचायत सदस्य बिनोद भारद्वाज ,  सभापति जनपद पंचायत विजय विक्की पटेल,सभापति जनपद पंचायत सदस्य कोमल शशि पटेल,सभापति जनपद पंचायत रोहित महिलाने ,अभिनव पुजारी,कन्हैया सारथी,दुर्गेश पटेल,पार्षद शुभम बाजपेय, NSUI अभिषेक शर्मा ,विकाश मालाकार,मिथलेश गोस्वामी,नगर पालिका उपाध्यक्ष रामनाथ सिदार,पार्षद सरिता गोपाल,राजकमल अग्रवाल,पुर्व जिला पंचायत सदस्य चिंता पटेल,रमेश खुटे,लता जाटवर, पुरुषोत्तम साहू,संजय दुबे महाराज,सतीश श्रीवास , अश्वनी चंद्रा ,लोचन पटेल ,विष्णु चंद्रा ,  जितेंद्र चंद्रा,समस्त कांग्रेसी गण उपस्थित रहे ।

Leave Your Comment

Click to reload image