सुशासन तिहार में जनसमस्याओं के समाधान पर जोर, सांसद बृजमोहन और विधायक अनुज ने सुनी जनता की बातें
ग्राम जरौदा के समाधान शिविर में हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश
रायपुर। सुशासन तिहार-2026 के तहत जिले के ग्राम जरौदा में आयोजित समाधान शिविर में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
शिविर में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात कर उनके अनुभव जाने और योजनाओं से हुए सकारात्मक बदलाव की जानकारी ली। इस दौरान हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान कार्ड, गैस सिलेंडर, ड्राइविंग लाइसेंस, कृषि बीज, आयुर्वेदिक दवाइयां तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां वितरित की गईं। महिलाओं को पोषण आहार भी प्रदान किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों एवं स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया गया।
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन, सेवा और विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन सीधे जनता तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है तथा शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रशासन और आमजन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो रही है।
शिविर में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, लाभार्थियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। समाधान शिविर में प्राप्त आवेदनों और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।