भूपेश बोले-आतंकी पकड़े नहीं गए तो 'ऑपरेशन सिंदूर' सफल कैसे:
रायपुर
छत्तीसगढ़ के पूर्व CM भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा कि, पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए, लेकिन आतंकियों को अब तक नहीं पकड़ा गया। ऐसे में ऑपरेशन सिंदूर को सफल कैसे माना जा सकता है। पाकिस्तान से कौन-कौन से वादे किए गए ?
वहीं कांग्रेस को लेकर डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि, कांग्रेस हर मुद्दे पर राजनीति करती है। देश में भ्रम फैलाती है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के अंदर 100 किलोमीटर जाकर उसके 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया। सेना के इस ऑपरेशन में 100 से अधिक आतंकी मारे गए।
दरअसल, दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में भूपेश बघेल ने कहा कि, पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने वीरता और संकल्प का परिचय देते हुए आतंकियों को करारा जवाब दिया, लेकिन इसके तुरंत बाद अमेरिकी राष्ट्रपति का युद्धविराम की घोषणा करना कई शंकाओं को जन्म देता है।
भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार से मांग की है कि, संसद का विशेष सत्र बुलाया जाए और सभी दलों को बताया जाए कि युद्धविराम की शर्तें क्या थीं। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि क्या पाकिस्तान से कोई समझौता किया गया है? क्या हमारी पुरानी नीति बदल दी गई है?
उन्होंने कहा कि, 22 अप्रैल से अब तक 26 लोगों की जान जा चुकी है और देश इस दर्द को महसूस कर रहा है। सरकार ने कहा कि, सेना को खुली छूट दी गई, लेकिन यह छूट कब वापस ले ली गई ? यह भी स्पष्ट किया जाना चाहिए।
भूपेश बघेल ने कहा कि, बीजेपी कहती है कि, 20 देशों ने समर्थन किया लेकिन IMF का लोन तो पाकिस्तान को मिल गया। हमारे पारंपरिक मित्र रूस भी हमारे साथ खड़ा नहीं दिखा। प्रधानमंत्री अमेरिका-परस्त हो गए हैं, लेकिन अमेरिका का पहला बयान क्या था, यह याद रखना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने अंत में कहा कि, पार्टी राष्ट्रहित में सरकार के साथ है, लेकिन सवाल पूछना लोकतंत्र का हिस्सा है और जवाबदेही जरूरी है।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि, कांग्रेस हर मुद्दे पर राजनीति करती है। देश में भ्रम फैलाती है। पहलगाम की घटना के बाद जो एक्शन और कार्रवाई हुई हैं वह दुनिया को एक मैसेज देने वाला है। ऑपरेशन सिंदूर चलाया। हिंदुस्तान में सिंदूर का क्या महत्व है पूरी दुनिया ने जाना। आज पूरी दुनिया के सामने संदेश गया कि है कि सिंदूर की क्या कीमत है।