राजनीति

सिंहदेव बोले-नड्डा सबूत के साथ कार्रवाई करें या माफी मांगे

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के बयान पर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि, जेपी नड्डा के पास सबूत हैं तो देश के सामने रखिए और कार्रवाई कीजिए। वरना इस तरह के बयानों के लिए आपको झीरम के शहीदों और कांग्रेस परिवार से माफी मांगनी चाहिए।

जांजगीर-चांपा में आयोजित रैली में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा था कि, झीरम घाटी कांड में कांग्रेस के लोग ही अपनों को मरवाने के लिए नक्सलियों के संपर्क में थे।

सोशल मीडिया पर सिंहदेव ने लिखा है कि, जेपी नड्डा का बयान बेहद आश्चर्यजनक और दुखद है। एक केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे जिम्मेदार पद पर होकर आप कह रहे हैं कि आप जानते हैं कि झीरम घाटी हमले में कौन शामिल था? यदि आपको जानकारी है, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

सिंहदेव ने कहा कि, नड्डा जी, आपने रक्षक की बात कही, लेकिन शायद आप भूल गए कि उस समय "रक्षक" कौन था? उस समय प्रदेश में डॉ. रमन सिंह की सरकार थी। सुरक्षा बल और पुलिस तंत्र सीधे आपके अधीन थे। एक "नाकाबिल सरकार" अपने ही लोगों की रक्षा करने में विफल रही।

सिंहदेव ने सवाल किया है कि इतनी भीषण हत्या को महज राजनीति का विषय बनाना और जानकारी होने का दावा करने के बावजूद चुप रहना, क्या यह न्यायसंगत है?

सिंहदेव ने कहा कि, यदि आपके पास सबूत हैं, तो देश के सामने रखिए और कार्रवाई कीजिए। वरना, इस तरह के बयानों के लिए आपको झीरम के शहीदों और कांग्रेस परिवार से माफी मांगनी चाहिए। झीरम का सच सामने आना ही चाहिए, लेकिन राजनीति के लिए शहीदों के अपमान को छत्तीसगढ़ स्वीकार नहीं करेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image