नई विधानसभा का नाम ‘मिनी माता भवन’ रखने की मांग
नई विधानसभा का नाम ‘मिनी माता भवन’ रखने की मांग:सतनामी समाज के युवाओं ने विपक्ष से
सत्र में मुद्दा उठाने का किया आग्रह
सतनामी समाज ने छत्तीसगढ़ की नई विधानसभा भवन का नाम ‘मिनी माता विधानसभा भवन’ रखने की मांग की है। इसको लेकर समाज के युवाओं ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को ज्ञापन सौंपते हुए विधानसभा सत्र में इस विषय को मजबूती से उठाने का आग्रह किया है।
युवाओं ने नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव और बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे को ज्ञापन सौंपा। समाज का कहना है कि, पुराने विधानसभा भवन का नाम ‘मिनी माता विधानसभा भवन’ था, उसी परंपरा को बनाए रखते हुए नए भवन को भी यही नाम दिया जाना चाहिए।
सतनामी समाज का तर्क है कि यह विषय केवल नामकरण का नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सामाजिक पहचान, इतिहास और सर्व समाज की भावनाओं से जुड़ा है। मिनी माता का नाम समानता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। ऐसे में उनके नाम को बनाए रखना जनभावनाओं के अनुरूप होगा।