छत्तीसगढ़ आए पाकिस्तानियों-बांग्लादेशियों पर फैसला आज
प्रदेश में आकर रह रहे पाकिस्तानी और बांग्लादेशियों का क्या करना है इसे लेकर प्रदेश सरकार फैसला करेगी। इसी मुद्दे पर मंत्रालय में सोमवार को एक बड़ी बैठक गृह विभाग करने जा रहा है। पुलिस ने पाकिस्तान से आए लोगांे की लिस्टिंग की है। आधिकारिक तौर पर ये जानकारी गृह विभाग ने सार्वजनिक नहीं की है कि कितने पाकिस्तानी या बांग्लादेशी इस वक्त छत्तीसगढ़ में हैं।
प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने सोमवार को बताया कि- आज गृह विभाग की बैठक होगी। CM विष्णुदेव साय का हमें मार्गदर्शन मिलेगा। पाकिस्तान से जो लोग आए हैं चाहे मेडिकल वीजा हो, लॉन्ग टर्म वीजा हो या शॉर्ट टर्म वीजा हो इनमें अब तक क्या हुआ है इसकी समीक्षा की जाएगी। जो सस्पेक्टेड हैं यहां आकर रह रहे हैं उनकी जानकारी भी है, उनपर जांच की प्रक्रिया क्या हो ये निर्धारित करेंगे। बड़ा निर्णय, बड़ा परिणाम इस बैठक का भविष्य को लेकर होगा। पाकिस्तान के जो लोग हैं जो पीड़ित रायपुर आए हैं, उनके संबंध में केंद्र से निर्देश ले रहे, बाकि को यहां आए हैं उनको तो वापस जाना है ही, नहीं तो उनके खिलाफ कार्रवाई हो जाएगी। रायपुर के SSP लाल उमेद सिंह ने मीडिया से पाकिस्तानियों पर कार्रवाई को लेकर कहा- कार्रवाई को लेकर वरिष्ठ कार्यालय से निर्देश नहीं आए हैं। जो पाकिस्तान से यहां पर आए हैं उसमें ज्यादातर हिंदू सिंध प्रदेश से आए हैं, कुछ काे लॉन्ग कुछ को शॉट टर्म वीजा मिला है। सभी को चिन्हांकित कर लिया गया है। हमारे पास जो लोग पाकिस्तान से आए हैं उनकी सूची है, वरिष्ठ कार्यालय से निर्देश आएंगे तदउपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हाल ही में उपमुख्यमंत्री शर्मा से मिलने पहुंचे सुखदेव लुंद पाकिस्तान में सिंध के घोटकी जिला के खानपुर के रहने वाले हैं। वहां हिंदुओं की आबादी 3-4 हजार है। सुखदेव फिलहाल 45 दिनों के विजिटर वीजा पर रायपुर के शदाणी दरबार पहुंचे। साथ में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। इनके अलावा रवि लुंद, निर्भय बत्रा, रोशन लाल और महेंद्र लाल भी अपने परिजन के साथ उसी दिन रायपुर पहुंचे। दल में 24 सदस्य हैं। इसके अलावा लगभग 100 और लोगों का जत्था भी लगभग एक माह पहले से रायपुर में है।
पहलगाम अटैक के बाद पाकिस्तान से आए मुस्लिमों पर सख्ती है। 7 दिन में सभी को भारत छोड़ना होगा। हालांकि विदेश मंत्रालय ने साफ तौर पर कहा कि जिन पाकिस्तानी हिंदुओं को लॉन्ग टर्म वीजा जारी किए गए हैं, उन्हें वापस नहीं जाना होगा।
पाकिस्तान से बड़ी संख्या में हिन्दू पलायन कर भारत आए हैं और यहां की नागरिकता के लिए आवेदन कर रहे हैं। भारत सरकार के पाकिस्तान के नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं निलंबित करने के निर्णय के बीच विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय पहले से जारी किए गए लॉन्ग टर्म वीजा (एलटीवी) पर लागू नहीं होगा।