राजनीति

कांग्रेस का 'संविधान बचाओ अभियान' शुरू:बैज बोले- केंद्रीय एजेंसियों का किया जा रहा दुरुपयोग; 40 दिनों तक चलेगा विरोध और जनसंपर्क

रायपुर/

कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी 'संविधान बचाओ अभियान' आज मंगलवार से शुरू हो गया है। इसमें पहले चरण में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई। बैठक को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि AICC के मिले मार्गदर्शन पर चर्चा हुई। 40 दिवसीय कार्यक्रम प्रदेश में चलाना है। बीजेपी संविधान पर हमला कर रही है। केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा। इसलिए कार्यक्रम चलाया जाएगा। बीजेपी के कार्यक्रम को लेकर बैज ने कहा कि बीजेपी संविधान बचाने की बात करती है। लेकिन बाबा साहेब को लगातार अपमानित करती आई है। इनकी करनी अलग और दिखावा अलग है। संवैधानिक संस्थानों को नुकसान पहुंचाने का काम बीजेपी ने किया है।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने इसे लेकर एक पत्र जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि ये अभियान भारतीय संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कथित हमलों के खिलाफ जन-जागरूकता के मकसद से किया जा रहा इस अभियान के जरिए कांग्रेस भाजपा पर हमलावर होने की रणनीति अपना रही है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार संविधान की मूल भावना, संस्थाओं की निष्पक्षता और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला कर रही है। पार्टी इसे राष्ट्रव्यापी संकट का रूप मान रही है और जनसंवाद के जरिए इसे हर राज्य तक ले जाने की तैयारी में है।

कांग्रेस की योजना है कि इस अभियान को जिला से लेकर बूथ स्तर तक ले जाया जाए। प्रदेश कांग्रेस ने अपने सभी विभागों संगठन, प्रचार, मीडिया, आईटी, महिला, युवा और छात्र इकाइयों को भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

इस पूरे अभियान की निगरानी और समन्वय का जिम्मा प्रदेश कांग्रेस के प्रचार विभाग को सौंपा गया है, जो जिला/ब्लॉक समितियों के माध्यम से रिपोर्ट लेगा और उच्च स्तर तक फीडबैक पहुंचाएगा।

प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला, नगर, ब्लॉक, शहर और पंचायत स्तरीय संगठनों को निर्देशित किया है कि वे 21 अप्रैल तक स्थानीय बैठकों के माध्यम से रणनीति योजना तैयार करें, और उसका अमल करें।

इस दौरान मीडिया, सोशल मीडिया और जननेताओं के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार भी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image