राजनीति

संदीप साहू को नेता प्रतिपक्ष पद से हटाने का विरोध

रायपुर/

नगर निगम रायपुर में नेता प्रतिपक्ष के पद से पार्षद संदीप साहू को हटाने के बाद छत्तीसगढ़ में साहू समाज का विरोध तेज हो गया है। पार्टी के इस फैसले के खिलाफ समाज के लोगों ने शनिवार को राजीव भवन के सामने सड़क पर धरना प्रदर्शन किया।

इससे पहले समाज ने कांग्रेस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन समय सीमा पूरी होने के बाद भी फैसला नहीं बदले जाने पर ग्राउंड पर नाराजगी फूट पड़ी।

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। हालात काबू में रहे लेकिन विरोध कर रहे साहू समाज के पदाधिकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

इस फैसले को साहू समाज ने केवल संदीप साहू का नहीं, बल्कि पूरे समाज के आत्मसम्मान पर हमला बताया है। समाज का कहना है कि संदीप साहू न केवल पार्टी के जमीनी कार्यकर्ता रहे हैं, बल्कि उन्होंने हमेशा जनता के लिए काम किया है। दो बार निगम चुनाव जीतने वाले नेता को इस तरह हटाया जाना अलोकतांत्रिक और दुर्भाग्यपूर्ण है।

शनिवार को साहू समाज के लोग बड़ी संख्या में कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन पहुंचे और सड़क पर बैठकर पार्टी के फैसले का विरोध किया। समाज ने मांग की कि पार्टी तुरंत अपना फैसला वापस ले और संदीप साहू को फिर से नेता प्रतिपक्ष बनाया जाए।

इस बीच प्रदर्शन कर रहे समाज के कुछ प्रमुख पदाधिकारियों को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया। इसके बाद भी प्रदर्शन जारी रहा और समाज के लोगों ने दो टूक कहा कि अगर पार्टी ने जल्द फैसला नहीं बदला, तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image