राजनीति

21 अप्रैल को सीएम हाउस घेराव की तैयारी में कांग्रेस

रायपुर/

छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस अब सीधे मोर्चा खोलने की तैयारी में है। इसी कड़ी में 21 अप्रैल को मुख्यमंत्री निवास घेराव करने का ऐलान किया गया है।

इस प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ली और रणनीति तैयार की।

बैठक में बैज ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, कानून व्यवस्था की नाकामी, और शासन की संवेदनहीनता के खिलाफ कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़कों पर उतरेगी। बैठक में तय किया गया कि रायपुर शहर के हर ब्लॉक, जोन और वार्ड से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री निवास घेराव में शामिल किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी संगठन प्रकोष्ठों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, NSUI और सेवादल से भी सक्रिय भागीदारी की अपील की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर आरोप लगाया है कि छत्तीसगढ़ में अपराध बेलगाम हो चुके हैं और सरकार कुंभकरणी नींद में सोई हुई है।

बैज ने कहा कि गृहमंत्री को इवेंट करने से फुर्सत नहीं है, और मुख्यमंत्री मौन साधे बैठे हैं। उन्होंने प्रदेश में मासूम बच्चियों के साथ हो रहे जघन्य अपराधों का हवाला देते हुए कहा कि दुर्ग में 6 साल की बच्ची के साथ रेप, रायपुर में 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म और मुंगेली जिले के लोदनी गांव से 7 साल की बच्ची के लापता होने जैसी घटनाएं बता रही हैं कि अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हो गए हैं।

दीपक बैज ने सवाल उठाया कि जब इस तरह की घटनाएं एक के बाद एक हो रही हैं तो प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ प्रचार और इवेंट में व्यस्त है, जबकि जमीनी हकीकत में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।

Leave Your Comment

Click to reload image