ड्रग तस्करी पर सियासी घमासान, कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ड्रग तस्करी को लेकर कांग्रेस और बीजेपी नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरु हो गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बीजेपी सरकार पर हमला बोला है, तो डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस पर प्रदेश को नशे का गढ़ बनाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस और बीजेपी के नेता सोशल मीडिया से लेकर सड़क तक एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी कर रहे है।
दिल्ली प्रवास से लौटे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बीजेपी सरकार पर हमल बोला है। दीपक बैज ने कहा, कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है। इसके बावजूद पाकिस्तान से ड्रग आ रहे हैं। यह भाजपा सरकार की नाकामी है। गृहमंत्री घुसपैठियों को बॉर्डर से भगाने की बात बोलते है, लेकिन प्रदेश में पाकिस्तान से ड्रग्स आ रहा है। बयान देने और आरोप लगाने से बीजेपी अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। प्रदेश की जनता देख रही है। बीजेपी पूरी तरह से फेल हो चुकी है।
छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता अरुण साव ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया है। डिप्टी सीएम साव ने कहा, कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को नशे का गढ़ बनाया है। हमारी सरकार नशे के सौदागारों पर लगातार कार्रवाई कर रही है। छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।