ED कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस का कल चक्का जाम
रायपुर
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के खिलाफ सोमवार को प्रदेशभर में चक्का जाम करने का ऐलान किया है। कांग्रेस यह विरोध प्रदर्शन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के विरोध में कर रही है। कांग्रेस की ओर से बताया गया है कि मंगलवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक प्रदेश के हर जिले के मुख्यालयों में सड़क जाम कर प्रदर्शन किया जाएगा।
इस आंदोलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित कई बड़े नेता शामिल होंगे। रायपुर जिले में वीआईपी चौक के पास नेशनल हाईवे को जाम किया जाएगा। इसके साथ ही धरसींवा में भी हाईवे पर चक्का जाम कर प्रदर्शन होगा।
पूर्व सीएम के बेटे चैतन्य बघेल को साजिश के तहत झूठे आरोपों में फंसाया गया है। इस चक्का जाम के दौरान जिलों में प्रमुख सड़कों, चौराहों और व्यापारिक क्षेत्रों में यातायात रोका जाएगा। वहीं कांग्रेस के बड़े नेता भी इस आंदोलन में शामिल होंगे। रायपुर जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे ने बताया कि रायपुर के मैग्नेटो मॉल के सामने नेशनल हाईवे को जाम किया जाएगा। इसी के साथ ही रायपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में धरसींवा में चक्का जाम करेंगे।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने 22 जुलाई को होने वाले प्रदेशव्यापी आर्थिक नाकेबंदी (चक्का जाम) को सफल बनाने के लिए राज्य के अलग-अलग नेशनल हाईवे पर सीनियर नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। इसमें रायपुर, धमतरी, दुर्ग, सरगुजा, रायगढ़, बस्तर, सरायपाली, कोंडागांव-नारायणपुर, कोरबा, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जैसे इलाकों के लिए प्रभारी नेताओं के नाम तय किए गए हैं।