जनकपुर-भरतपुर में बिजली संकट पर गरमाई सियासत, पूर्व विधायक गुलाब कमरो के नेतृत्व में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
राजेश साहू ब्यूरो, जिला एमसीबी
जनकपुर (जिला एमसीबी), 16 जुलाई 2025:
जनकपुर और भरतपुर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर स्थानीय जनता की नाराजगी अब सड़कों पर दिखने लगी है। बुधवार को इस मुद्दे को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरो के नेतृत्व में कांग्रेस जिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जनकपुर विद्युत कार्यालय पहुंचकर कनिष्ठ अभियंता से बातचीत की और क्षेत्र में व्याप्त बिजली संकट का समाधान शीघ्र करने की मांग की।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि, "जनकपुर और भरतपुर के ग्रामीण इलाकों में प्रतिदिन 6 से 8 घंटे तक बिजली की अघोषित कटौती हो रही है। इससे आम जनता, किसान, छात्र और छोटे व्यापारी बेहद परेशान हैं। यह स्थिति अस्वीकार्य है और सरकार को इस पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।"
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। स्थानीय लोगों ने भी प्रदर्शन में भाग लेकर अपनी समस्याएं साझा कीं।
विद्युत कार्यालय में उपस्थित कनिष्ठ अभियंता ने कांग्रेस प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि, "बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारणों को जल्द ठीक किया जाएगा। ग्रिड और फीडर स्तर पर जो भी तकनीकी समस्याएं हैं, उन्हें प्राथमिकता से सुलझाया जाएगा। हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि लोगों को नियमित बिजली मिल सके।"
इस बीच, कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं की गई तो यह आंदोलन और तेज होगा। गुलाब कमरो ने कहा कि वे इस मुद्दे को विधानसभा और जिला प्रशासन के समक्ष भी उठाएंगे।
बिजली कटौती की समस्या अब सिर्फ तकनीकी नहीं रही, यह आम जनता की दिनचर्या और आजीविका से जुड़ा गंभीर सवाल बन चुकी है। जनकपुर-भरतपुर के नागरिकों को राहत कब मिलेगी, यह आने वाले कुछ दिनों में विभागीय कार्रवाई और सरकार की प्राथमिकता पर निर्भर करेगा।