राजधानी

छत्तीसगढ़ का 26वां स्थापना दिवस:राज्योत्सव में बोले मांडविया- छत्तीसगढ़ अब टूरिज्म हब बना, CM ने कहा- नक्सलवाद का खात्मा सबसे बड़ा काम

रायपुर

छत्तीसगढ़ आज अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस मौके पर आज से तीन दिवसीय राज्योत्सव की शुरुआत हो गई है। नवा रायपुर में हो रहे आयोजन के पहले दिन केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया शामिल हुए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का नाम लेते ही पहले नक्सलियों का नाम आता था। आज छत्तीसगढ़ एक टूरिज्म हब बन गया है। मल्टीनेशनल कंपनियां छत्तीसगढ़ में निवेश करना चाह रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले 3 साल में सबसे बड़ा काम नक्सलवाद का खात्मा हुआ है। खनिज संपदा और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर छत्तीसगढ़ में विकास नहीं पहुंच रहा था। डबल इंजन सरकार में यह समस्या हल हुई।

राज्योत्सव मेला स्थल को देश के अलग-अलग राज्यों से आए कारीगरों ने सजाया है। विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों में सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजना को दिखाया जाएगा।

राज्योत्सव में पहुंचने के लिए प्रशासन ने 6 रास्तों से प्रवेश और 40 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की है। सुरक्षा और सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। आयोजन स्थल पर लोगों की सुविधा के लिए 300 शौचालय बनाए गए हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अस्पताल और 25 एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।

इस बार राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ रखी गई है। समारोह के अंतिम दिन 41 राज्य अलंकरण और पुरस्कार दिए जाएंगे।

इस बार 3 नए सम्मान दिए जाएंगे। पहली बार पंडवानी गायिका तीजन बाई, संत रविदास और चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार के नाम पर राज्य अलंकरण शुरू किया जा रहा है।

समारोह में गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में अलग-अलग क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाले लोगों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image