राजधानी

सेंट्रल-जेल की जलती भट्ठी में कूदकर कैदी ने जान दी:

बिलासपुर

बिलासपुर सेंट्रल जेल में बुधवार को डबल मर्डर के मामले में उम्र कैद की सजा काट रहे कैदी ने सुसाइड कर लिया। बंदी ने जेल परिसर में गैसीफायर प्लांट की जलती भट्टी में छलांग लगा दी। मृतक की पहचान राहुल ऊर्फ विकेश कंवर (46) के रूप में हुई है, जो बम्हनीडीह चांपा का रहने वाला था। राहुल पिछले 10 साल से जेल में बंद था।

बता दें कि बिलासपुर सेंट्रल जेल में पिछले एक महीने में 5 बंदियों की मौत हो चुकी है। 23 जून को पॉक्सो के आरोपी नीलू जगत की हत्या जेल के भीतर हुई थी। इसके बाद आजीवन कारावास की सजा काट रहे रायगढ़ निवासी रामभरोसे माझी की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हुई। जून में ही गतौरा निवासी राजू गोंड और उससे पहले धर्मेंद्र सिंह की भी जेल में मौत हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल और SSP रजनेश सिंह सहित पुलिस अफसरों की टीम सेंट्रल जेल पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर जेल अधिकारियों से जानकारी ली। FSL और पुलिस की टीम भी जांच में जुट गई

जेल कैंपस में स्थित गैसीफायर प्लांट में लकड़ियां डालकर गैस तैयार की जाती है। इसी गैस का उपयोग जेल की रसोई में कैदियों का भोजन पकाने के लिए किया जाता है। बताया जा रहा है कि प्लांट की भट्ठी उस समय चालू थी।

इसी दौरान कैदी अचानक वहां पहुंचा और देखते ही देखते जलती भट्ठी में कूद गया। जब तक जेलकर्मी उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

बिलासपुर सेंट्रल जेल पहले भी कई गंभीर घटनाओं को लेकर चर्चा में रही है। जेल के भीतर बंदियों के बीच मारपीट, संदिग्ध मौत, मोबाइल बरामदगी, नशे का सामान मिलने और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही जैसे मामलों पर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं।

मौके पर पहुंचे कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि बंदी किचन में गैसीफायर में कूद गया। वह दो मर्डर के केस में आजीवान कारावास की सजा काट रहा था। 10 साल से जेल में बंद था। मामले की जांच की जा रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image