राजधानी

अंबेडकर जयंती पर BJP का ‘बूथ से समाज तक’ प्लान

अंबेडकर जयंती पर BJP का ‘बूथ से समाज तक’ प्लान:समरसता भोज और संपर्क अभियान पर

फोकस, पहले दिन से ही शुरू होगी ग्राउंड एक्टिविटी

भारतरत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 136वीं जयंती को लेकर भाजपा इस बार सिर्फ औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि “बूथ से समाज तक” पहुंचने की रणनीति पर काम कर रही है।

पार्टी का फोकस इस बार खासतौर पर समरसता भोज, विशेष संपर्क अभियान और समाज के अलग-अलग वर्गों तक सीधा संवाद स्थापित करने पर है।

संपर्क और सामाजिक समरसता पर जोर

भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने प्रेस वार्ता में बताया कि 14 अप्रैल को जयंती के मौके पर उन इलाकों में विशेष संपर्क अभियान चलाया जाएगा, जहां बाबा साहब के अनुयायियों की संख्या ज्यादा है। यहां कार्यकर्ता “समरसता भोज” का आयोजन करेंगे और केंद्र और राज्य सरकार के संदेश लोगों तक पहुंचाएंगे।इस पूरे अभियान का मकसद सिर्फ जयंती मनाना नहीं, बल्कि सामाजिक जुड़ाव बढ़ाना और लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना बताया गया है।

एक हफ्ते तक चलेगा कार्यक्रम, बूथ स्तर तक पहुंच

भाजपा ने इस बार जयंती को एक दिन के कार्यक्रम के बजाय सप्ताहभर चलने वाले अभियान के रूप में डिजाइन किया है। 14 अप्रैल से शुरू होकर यह कार्यक्रम बूथ स्तर तक जाएगा, जहां छोटे-छोटे आयोजन किए जाएंगे।

पार्टी का दावा है कि हर बूथ पर कार्यकर्ता सक्रिय रहेंगे और बाबा साहब के विचारों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।

संगोष्ठियों में समाज के लोगों को जोड़ने की तैयारी

15 से 20 अप्रैल के बीच हर जिला मुख्यालय में संगोष्ठियां आयोजित होंगी। इन कार्यक्रमों में खासतौर पर अनुसूचित जाति समाज के प्रतिनिधियों और अलग-अलग सामाजिक संस्थाओं को आमंत्रित किया जाएगा।

इन संगोष्ठियों में न सिर्फ विचार-विमर्श होगा, बल्कि समाज में काम करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।

राजधानी में बड़े चेहरे रहेंगे मौजूद

रायपुर में होने वाले मुख्य कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव शामिल होंगे। यहां बाबासाहब के योगदान पर चर्चा के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को आगे की रणनीति भी बताई जाएगी।

पहले दिन से शुरू हुआ ग्राउंड एक्टिविटी

जयंती से एक दिन पहले ही भाजपा ने ग्राउंड लेवल पर एक्टिविटी शुरू कर दी है। प्रदेशभर में जहां-जहां बाबा साहब की प्रतिमाएं हैं, वहां सफाई अभियान चलाया गया और शाम को दीप जलाकर कार्यक्रम किए गए।

Leave Your Comment

Click to reload image