सफाई ठेकेदारों पर गिरी गाज: कचरे का ढेर मिलने पर जोन कमिश्नर ने लगाया तगड़ा जुर्माना
नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन 9 के कमिश्नर राकेश शर्मा ने वार्ड क्रमांक 7 और 8 का औचक निरीक्षण किया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों के जायजे के दौरान गंदगी मिलने और निर्धारित संख्या से कम कर्मचारी ड्यूटी पर पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों पर कुल 15,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
निरीक्षण के दौरान कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड क्रमांक 7 के मुख्य मार्गों पर कचरे के ढेर पाए गए। जोन कमिश्नर ने सफाई व्यवस्था में घोर लापरवाही को देखते हुए अनुबंधित ठेकेदार एसएस इन्फ्राटेक साल्युशन्स पर 10,000 रुपये का अर्थदंड लगाया। वहीं, महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 8 के सिटी प्रोफाइल स्थलों पर भी गंदगी मिलने पर ठेकेदार दीपक जोशी पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाते हुए 2 दिन के भीतर जवाब मांगा गया है।
सफाई कर्मचारियों के हितों को लेकर भी निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। वार्ड क्रमांक 7 के ठेकेदार एसएस इन्फ्राटेक साल्युशन्स द्वारा 19 सफाई कर्मचारियों का नवंबर 2025 का ईपीएफ (EPF) और ईएसआईसी (ESIC) नहीं जमा करने का मामला सामने आया है। जोन कमिश्नर ने ठेकेदार को ऑडिट आपत्ति के निराकरण के लिए बैंक स्टेटमेंट के साथ आगामी बिल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
इस औचक निरीक्षण के दौरान जोन कमिश्नर के साथ कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, उपअभियंता अंकिता जनार्दन, जोन स्वास्थ्य अधिकारी उमेश नामदेव, बारोन बंजारे और स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।