राज्य
कलेक्टर-एसपी ने छटन, मदनपुर व सिंगारपुर धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
कलेक्टर कुन्दन कुमार और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने मुंगेली विकासखण्ड के छटन, मदनपुर एवं सिंगारपुर धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने उपार्जन केन्द्रों में अब तक कुल धान खरीदी, बारदाने की उपलब्धता, किसानों का पंजीयन, रकबा समर्पण व उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली और खरीदी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन की प्राथमिकता का कार्य है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही समिति प्रबंधक को सुव्यवस्थित धान खरीदी करने और किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने कहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से संवाद कर खरीदी प्रक्रिया, धान की गुणवत्ता तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भुगतान संबंधी कोई समस्या नहीं होगी किसानों को चेक काट कर पैसे का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने समिति प्रबंधकों को निर्देश दिए कि धान की उचित स्टेकिंग, नमी मापक यंत्र से नियमित जांच, तथा गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि खरीदी केवल सही और पंजीकृत किसानों से ही की जाएगी तथा कोचियों और बिचौलियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर ने केंद्रों में किसानों के लिए छाया, पेयजल, बैठने की व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही छटन खरीदी केंद्र में पेयजल के लिए हैंडपंप लगाने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी धान खरीदी के संबंध में उचित जानकारी नहीं देने पर मदनपुर नोडल अधिकारी मंडी उपनिरीक्षक आशादीप तंवर तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी लक्ष्मी प्रसाद चतुर्वेदानी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में अवैध धान की खरीदी नहीं होनी चाहिए। साथ ही किसानों द्वारा बैंक के कर्मचारी शिवहरे की शिकायत मिलने पर संज्ञान में लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मदनपुर धान खरीदी केंद्र में किसान पंजीयन, बड़े व लघु किसानों की संख्या तथा धान की आवक से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने छोटे किसानों को प्राथमिकता के आधार पर टोकन जारी करने तथा रकबा समर्पण की प्रक्रिया सरल बनाने के निर्देश दिए। किसानों द्वारा बताई गई पेमेंट समस्या का समाधान करने का आश्वासन भी दिया गया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि छोटे किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा केंद्र में निगरानी के लिए एक ऑपरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने भी किसानों से चर्चा कर प्रति एकड़ आमदनी, धान की गुणवत्ता तथा नमी की जाँच की प्रक्रिया देखी और खरीदी केंद्र की समग्र व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने ग्रामीण जनों को साइबर व सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सायबर संबंधित सभी शिकायतों के लिए 1930 नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज करने के लिए कहा। उन्होंने आम जनों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुक करते हुए हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने भी वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल करने एवं कार में सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशे से दूर रहने एवं शराब पीकर गाड़ी न चलाने की भी सलाह दी। इस दौरान संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
ग्राम बदरा (ब) के किसानों की समस्या समाधान के लिए सरपंच केदार वर्मा की पहल
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
जनपद पंचायत पथरिया के ग्राम पंचायत बदरा (ब) के किसानों को इस खरीदी सीजन में ऑनलाइन पोर्टल की तकनीकी गड़बड़ियों के चलते भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस वर्ष पोर्टल में कैरी फ़ॉरवर्ड न होने, सुधार (संसोधन) प्रक्रिया लंबित रहने और अन्य तकनीकी त्रुटियों के कारण किसानों के दस्तावेज़ समय पर अपडेट नहीं हो पा रहे हैं। स्थिति यह है कि पोर्टल में अवरोध होने की वजह से किसानों को धान विक्रय हेतु आवश्यक टोकन जारी नहीं हो पा रहे, जिससे पूरे गांव में धान बिक्री ठप हो गई है। शासन द्वारा 25 नवंबर तक की अंतिम तिथि निर्धारित किए जाने से किसानों की चिंता और बढ़ गई है। बड़ी संख्या में लंबित किसानों की प्रक्रिया इतनी कम समय सीमा में पूरी कर पाना संभव नहीं दिखाई दे रहा। धान बिक्री रुकने से किसानों पर आर्थिक संकट गहराने लगा है। इसी बीच गांव के सरपंच केदार वर्मा को जब किसानों की समस्या की जानकारी मिली तो उन्होंने तत्परता दिखाते हुए सभी प्रभावित किसानों को साथ लेकर कलेक्टर कार्यालय का रुख किया। हालांकि कलेक्टर से सीधी मुलाकात नहीं हो पाई, लेकिन कार्यालय में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों से उन्होंने विस्तारपूर्वक चर्चा की। अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि ऑनलाइन पोर्टल की गड़बड़ियों को जल्द ठीक कर किसानों की धान बिक्री प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू कराई जाएगी। गांव के किसानों ने बताया कि समय कम होने के कारण वे बेहद चिंतित थे, ऐसे में सरपंच वर्मा की पहल से उन्हें उम्मीद जगी है कि प्रशासन जल्द समस्या का समाधान करेगा। किसानों ने उम्मीद जताई कि सरकार और प्रशासन उनकी परेशानी को समझते हुए त्वरित कार्रवाई करेगा, ताकि इस खरीदी सीजन में उनका धान समय पर बिक सके।
पारदर्शी धान खरीदी सुनिश्चित करने प्रशासन प्रतिबद्ध किराना दुकान में अवैध रूप से भंडारित 86 बोरी धान जब्त
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
सर्वसहमति से प्रगतिशील छःग सतनामी समाज सरसीवा परिक्षेत्र के निर्विरोध अध्यक्ष बने लहाराम रत्नाकर
सरसीवा परिक्षेत्र के प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज नामांकन पुर्ण हुआं। जहां दिन मंगलवार को सरसीवां खेल मैदान में रखा गया था। जिसमें बिलाईगढ़ ईकाई के सभी पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। प्रगतिशील छःग सतनामी समाज के वरिष्ठ,युवा,सदस्य सभी ने एकमत होकर निर्णय लिया। और सभी के सहमति से प्रगतिशील छःग सतनामी समाज सरसीवां परिक्षेत्र के लहाराम रत्नाकर को निर्विरोध अध्यक्ष बनाया गया।वही उपाध्यक्ष के रुप में मुद्रिका राय व पुरषोत्तम बंजारे को बनाया गया। जिसमें प्रगतिशील छःग सतनामी समाज नगर पंचायत सरसीवां के कार्यकारिणी अध्यक्ष रेशम लाल कुर्रे को बनाया गया।तो वही युवराज निराला को मिडिया प्रभारी का कमान सौंपा गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष लहाराम रत्नाकर ने सभी उपस्थित सर्वोच्च को आभार प्रकट किया।और कहा,आप सबने मिलकर जो विश्वासपुर्ण मुझपे जताया है।मैं कर्तव्यपूर्ण निर्वहन करुंगा। और आप सबके आशीर्वाद व मार्गदर्शन से प्रगतिशील छःग सतनामी समाज को और ऊंचाई पर ले जाने का भरपूर प्रयास करुंगा। इतना कहकर अध्यक्ष ने समय को देखते हुए वाणी को विराम दिया।और पुनः सभी का उपस्थित सर्वोपरियो आभार व्यक्त किया।
बैठक में उपस्थित-यादराम हिरवानी, नीतीश कुमार बंजारे,शुमेस बंजारे,गिरवर निराला, डॉ दिलीप अनंत,बीडीसी दुलरवा खुटे,छबी बंजारे, नरेश नारंग,रमेश तांजय, लेख सिंह,फिरतु जांगड़े, पन्ना धृतलहरे, उपेन्द्र लहरें,कौशल मनहर,अनुज खटकर, कुमार लहरें, भगवान रात्रे,रामकुमार लहरें,लता जाटवर, चंचला महिलाने,रजनी बघेल व अन्य उपस्थित रहे।
तहसील कार्यालय में किसानों के लिए मूलभूत सुविधाओं का अभाव, एगीस्टेक पोर्टल की गड़बड़ियों से बढ़ी परेशानी
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
राजपुर - समर्थन मूल्य पर धान बेचने हेतु राजपुर तहसील क्षेत्र के किसानों को इस बार दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। एक ओर एगीस्टेक पोर्टल में लगातार तकनीकी त्रुटियों के कारण रकबा तथा फसल सुधार संबंधी कार्य के लिए किसानों को रोज़ाना तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर तहसील परिसर में उनके बैठने, पेयजल व प्रसाधन जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है।
किसानों ने बताया कि पंजीयन होने के बावजूद कई खसरा नंबरों में धान की जगह गन्ना दर्ज हो रहा है, जबकि कई किसानों का रकबा शून्य प्रदर्शित हो रहा है। इससे उपार्जन केंद्रों में धान की बिक्री संभव नहीं हो पा रही। किसानों का कहना है कि फसल गिरदावरी राजस्व विभाग द्वारा पहले ही करा दी गई थी, फिर भी पोर्टल पर गलत जानकारी अपडेट होने से उन्हें समर्थन मूल्य का लाभ लेने में कठिनाई आ रही है।
तहसील कार्यालय में प्रतिदिन सैकड़ों किसान सुधार कार्य के लिए पहुँच रहे हैं। लंबी कतारें, धीमी प्रक्रिया और सुविधाओं के अभाव ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। किसान मजबूर होकर तहसील गेट एवं विभिन्न खिड़कियों पर अधिकारी-कर्मचारियों को ढूंढते और झांकते नजर आ रहे हैं।
किसानों ने प्रशासन से तकनीकी खामियों को शीघ्र दूर करने व तहसील परिसर में बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उन्हें अत्यधिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सूरजपुर में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक सम्पन्न, स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन पर दिया गया जोर
बिहान छत्तीसगढ़ प्रतापपुर संवाददाता सुरज निर्मलकर की रिपोर्ट
सूरजपुर/25 नवंबर 2025/ स्वास्थ्य सेवाएं छत्तीसगढ़, रायपुर से आए उप संचालक एवं जिला सूरजपुर के नोडल अधिकारी डॉ. एन. आर. बेक द्वारा जिले में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सूरजपुर के सभा कक्ष में की गई।
बैठक में नोडल अधिकारी ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को विकासखंड स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने तथा उपलब्धि बढ़ाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि विशेष कार्य योजना बनाकर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है, ताकि जिला सूरजपुर स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सके और छत्तीसगढ़ राज्य में एक विशिष्ट पहचान स्थापित कर सके।
समीक्षा बैठक में सभी विकासखंडों के खंड चिकित्सा अधिकारी, खंड कार्यक्रम प्रबंधक, खंड डेटा प्रबंधक, खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी सहित जिला स्तर के सभी कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी एवं सलाहकार उपस्थित रहे।
विचारपुर शुक्लाभाठा उपार्जन केंद्र में धान खरीदी का शुभारंभ, किसानों का पुष्पमालाओं से सम्मान
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । सेवा सहकारी समिति सिंगारपुर 1065 के अंतर्गत संचालित उपार्जन केंद्र विचारपुर शुक्लाभाठा में शुक्रवार को धान खरीदी सत्र का शुभारंभ पारंपरिक विधियों और गरिमामयी वातावरण में हुआ। समारोह का नेतृत्व सतनाम सेना युवा जिलाध्यक्ष एवं सभापति प्रतिनिधि नेमसिंह बोगी बारमते ने किया। उन्होंने पूजा-अर्चना कर धान तौल प्रक्रिया का शुभारंभ किया और किसानों को सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए समर्थन मूल्य खरीदी को ऐतिहासिक बताया। सोसायटी के परधिकृत अध्यक्ष नारायण शर्मा एवं ग्राम पंचायत के सरपंच उमेश गबेल ने खरीदी केंद्र में पहुंचने वाले किसानों का पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र में तौल मशीन, बारदाना, पेयजल एवं बैठने की सुविधा सहित सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर दी गई हैं। धान की पूजा के बाद प्रथम तौल के लिए स्थानीय किसानों को आमंत्रित किया गया। इस दौरान उपस्थित किसानों में साधुराम बारमते, रूपई साहू, गुड्डु ठाकुर, प्रमोद गबेल, भजन बंजारे एवं लवकेश गर्ग शामिल रहे। किसानों ने समय पर खरीदी प्रारंभ होने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी। कार्यक्रम में अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि और स्लॉट के अनुसार ही धान लेकर आएँ ताकि खरीदी कार्य सुचारु एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित हो सके। उपार्जन केंद्र में धान खरीदी की इस सफल शुरुआत ने पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना दिया है।
जनदर्शन में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने सुनाई अपनी समस्याएं
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के दिए निर्देश
जनदर्शन में आज कुल 88 आवेदन हुए प्राप्त
जांजगीर-चांपा 24 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं, शिकायतों और मांगों को गंभीरता से सुना। कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। जनदर्शन में आज कुल 88 आवेदन प्राप्त हुए। जनदर्शन में आज तहसील पामगढ़ के ग्राम मेहंदी निवासी श्री बजरंग पटेल द्वारा व्हीलचेयर प्रदान करने, ग्राम डुडगा निवासी श्री सुखनंदन सूर्यवंशी शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा हटवाने, तहसील अकलतरा ग्राम गढ़ोला निवासी श्री गंगाराम सूर्यवंशी ने भूमि सीमांकन करवाने, ग्राम मुड़पार के निवासी श्री बसंतकुमार भूमि का नामांतरण करवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री महोबे ने की साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा जिला मुख्यालय के सभी कार्यालय सहित विकासखंड, तहसील, नगर पालिकाओं, जनपदों में लागू होगा बायोमैट्रिक आधार उपस्थिति प्रणाली
कलेक्टर श्री महोबे ने की साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा
जिला मुख्यालय के सभी कार्यालय सहित विकासखंड, तहसील, नगर पालिकाओं, जनपदों में लागू होगा बायोमैट्रिक आधार उपस्थिति प्रणाली
कलेक्टर ने सभी शासकीय कार्यालयों में अनिवार्य रूप से बायोमैट्रिक आधार उपस्थिति प्रणाली इंस्टॉल करने के दिए निर्देश
धान खरीदी की नोडल अधिकारियों को खरीदी केन्द्रों की नियमित मॉनिटरिंग एवं साप्ताहिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश
जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापूर्वक करें निराकरण - कलेक्टर
अटल मॉनिटरिंग पोर्टल में जिले की प्रगति एवं नियमित एंट्री की समीक्षा की
जल संरक्षण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं फिकल स्लज प्लांट पर फोकस करने के निर्देश
जांजगीर-चांपा 24 नवम्बर 2025/ कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि राज्य के समस्त कार्यालयों कार्यरत शासकीय सेवकों की उपस्थिति हेतु बायोमैट्रिक आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली प्रारंभ किया जाना है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी-अधिकारियों की समय पर उपस्थिति एवं सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करने के लिए यह प्रणाली अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देशित किया कि संबंधित विभाग उपकरण की स्थापना, नेटवर्क कनेक्टिविटी तथा आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूर्ण करें। उन्होंने जिला मुख्यालय के सभी कार्यालयों सहित सभी विकासखंड, तहसील, जनपद पंचायत तथा नगर पालिका, नगर पंचायत कार्यालयों में बायोमैट्रिक मशीनें अनिवार्य रूप से स्थापित करने के निर्देश दिए है।
कलेक्टर ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने एवं प्रति साप्ताह रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा। इसके साथ ही उन्होंने खरीदी केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा, तुलाई मशीन एवं सुरक्षाको दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को धान तौल, टोकन, भुगतान संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या न हो। कलेक्टर ने राजस्व से जुड़े प्रत्येक प्रकरण की समयबद्ध एवं प्राथमिकता से समीक्षा कर शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि समस्त विभाग, कार्यालय यह सुनिश्चित करें कि उनका जीएसटी पंजीयन अवश्य पूर्ण हो। बिना जीएसटी पंजीयन के किसी भी प्रकार की खरीद, खर्च अनुमति योग्य नहीं मानी जाएगी।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना के तहत लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने पर भी जोर दिया गया है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर कहा है कि बैंकर्स और वेंडरो की बैठक लेकर अस्वीकृत लोन प्रकरणों का निराकरण करना सुनिश्चित करे। जनपद, नगरीय निकायों में शिविर लगाकर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना की जानकारी देते हुए लाभान्वित किया जाए। कलेक्टर ने साथ ही सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि सभी हितग्राही-मूलक योजनाओं में लाभ प्राप्त करने वाले पात्र व्यक्तियों का ई केवाईसी नियमित रूप से कराया जाना अनिवार्य है। सभी विभाग अपने स्तर पर अभियान चलाकर लाभार्थियों के ई केवाईसी को अद्यतन रखें।
कलेक्टर ने नियमित स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था को सक्रिय करने और ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य शिविरों में सामान्य जांच, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएँ, प्राथमिक उपचार, जैसी सेवाएँ उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। कलेक्टर ने जिले में जल संरक्षण एवं संचय से संबंधित कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा गया है कि ग्राम स्तर से लेकर शहरी क्षेत्रों तक जल संरक्षण को प्राथमिकता में रखकर योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। इसके साथ ही रेन वाटर हार्वेस्टिंग के कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता पर लेते हुए, सरकारी भवनों, स्कूलों, पंचायत भवनों सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएँ अनिवार्य रूप से स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने फिकल स्लज प्लांट को शीघ्र शुरू करने करने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों को इसके बारे में अधिक से अधिक जागरूक करने तथा प्लांट के महत्व और उपयोगिता की जानकारी व्यापक स्तर पर प्रसारित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को कहा गया है कि सभी कार्य समयबद्ध और पारदर्शी रूप से पूर्ण किए जाएं, ताकि जिले में जल प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत किया जा सके। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण, पोषण ट्रैकर, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना, ईऑफिस, समय सीमा के लंबित प्रकरणों सहित विभिन्न विषयों पर समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर.के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
स/क्र 01
समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए राजपुर तहसील का चक्कर लगाने किसान परेशान एगीस्टेक पोर्टल की विसंगतियों से रकबा व फसल सुधार में हो रही भारी देरी
विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़
राजपुर – समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए राजपुर तहसील क्षेत्र के किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एगीस्टेक पोर्टल में लगातार हो रही तकनीकी त्रुटियों के कारण उपार्जन केंद्रों में धान बेचने से पहले रकबा एवं फसल सुधार कराना आवश्यक हो गया है। इसी के चलते किसान रोज़ाना तहसील कार्यालय का चक्कर लगाने पर मजबूर हैं।
किसानों ने बताया कि पोर्टल में पंजीयन कराने के बावजूद कई खसरा नंबरों में धान की जगह गन्ना दर्ज दिख रहा है, वहीं कई किसानों का रकबा शून्य प्रदर्शित हो रहा है। इस वजह से उपार्जन केंद्रों में धान बिक्री करना संभव नहीं हो पा रहा।
किसानों का आरोप है कि फसल गिरदावरी राजस्व विभाग के पटवारियों द्वारा पहले ही करा दी गई थी, फिर भी पोर्टल पर गलत जानकारी अपडेट हो रही है। इससे उनकी फसल बिक्री में परेशानी हो रही है और जिससे उन्हें समर्थन मूल्य का लाभ नहीं मिल पाएगा वहीं तकनीकी खामियों के कारण रोज़ सैकड़ों किसान सत्यापन और सुधार प्रक्रिया के लिए तहसील कार्यालय पहुँच रहे हैं। लंबी कतारों और धीमी कार्यशैली से वे काफी हताश दिखाई दे रहे हैं।
इस संबंध में एसडीएम राजपुर देवेंद्र प्रधान ने कहा कि “किसानों के आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता से किया जा रहा है। जल्द ही सुधार प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।”
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि एगीस्टेक पोर्टल में हो रही विसंगतियों को तुरंत दूर किया जाए और ग्राम स्तर पर सहायता शिविर लगाकर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए, ताकि किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने में किसी प्रकार की बाधा न आए।
अन्नपूर्णा मुहिम के तहत असहाय परिवार को मिली जीवन-रक्षक सहायता
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
ग्राम इलचपुर (ब्लॉक लोरमी) में अन्नपूर्णा मुहिम के तहत एक जरूरतमंद परिवार को राहत सामग्री प्रदान की गई। संत रामपाल जी महाराज की प्रेरणा से चल रही इस सेवा कार्यवाही ने उस परिवार के जीवन में आशा की नई किरण जगाई है, जो कई वर्षों से गंभीर आर्थिक और सामाजिक संकट से जूझ रहा था।
गंभीर दुर्घटना ने बदल दी जिंदगी : परिवार के मुखिया प्रकाश उर्फ प्रेमदास मानिकपुरी (40 वर्ष) कई वर्ष पहले मकान की दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रीढ़ की हड्डी में आई गंभीर चोट के बाद उनका ऑपरेशन तो हुआ, परंतु सफलता नहीं मिलने से वे पूरी तरह बिस्तर पर ही सीमित हो गए हैं। काम करने में असमर्थता ने पूरे परिवार को गहरी विपन्नता की ओर धकेल दिया।
चार वर्षों से बंद स्कूल भवन में गुज़र-बसर : परिवार के पास न घर है, न जमीन, न कोई संपत्ति। मजबूरी में वे पिछले चार साल से बंद पड़े सरकारी स्कूल भवन में रह रहे हैं।
सरकार से मिलने वाला मात्र 35 किलो चावल महीने भर के लिए अपर्याप्त साबित होता है।
परिवार में कुल पाँच सदस्य हैं—
1. प्रकाश उर्फ प्रेमदास मानिकपुरी (40 वर्ष)
2. प्रीति बाई (35 वर्ष)
3. अंजिता (8 वर्ष)
4. वर्षा (6 वर्ष)
5. देवेंद्र (3 वर्ष)
दोनों बड़ी बेटियाँ 3 किलोमीटर दूर बैजलपुर तक पैदल चलकर पढ़ाई करने जाती हैं। परिवार को महतारी वंदन योजना सहित अन्य किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
एकमात्र कमाने योग्य सदस्य प्रीति बाई हैं, जो कभी-कभार मिलने वाली मजदूरी से परिवार का पालन-पोषण करने का प्रयास करती हैं, पर चिकित्सा खर्च में ही अधिकांश राशि समाप्त हो जाती है।
अन्नपूर्णा मुहिम के तहत मिली राहत सामग्री : राहत सामग्री में परिवार की दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री, वस्त्र एवं घरेलू उपयोग की वस्तुएँ प्रदान की गईं। इनमें शामिल हैं— 25 किग्रा चावल, 5 किग्रा आटा, चार प्रकार की दालें,2 लीटर तेल, 4 किग्रा चीनी, चाय, दूध पाउडर, मसाले, नमक,5–5 किग्रा आलू-प्याज, बेसन, दलिया, आचार,नहाने व कपड़े धोने का साबुन, वाशिंग पाउडर,2 साड़ियाँ, 2 पेटीकोट, बच्चों के लिए 2–2 जोड़ी कपड़े,2 कंबल, 4 गर्म कपड़े, 4 कॉपी, 2 पेन प्लास्टिक बाल्टी, बंगा, ढक्कन, कड़ाही स्टील लोटा व 2 गिलास 2 पलंग, 2 बेडशीट अन्य आवश्यक दैनिक उपयोग की सामग्री राहत वितरण तिथि : 23 नवंबर 2025
लाभार्थी ने जताया गहरा आभार
गंभीर रूप से बीमार प्रकाश मानिकपुरी ने भावुक होते हुए कहा— “संत रामपाल जी महाराज भगवान के समान हमारे परिवार की मदद कर रहे हैं। यदि परमात्मा के बाद कोई हैं तो हम संत रामपाल जी महाराज जी को ही मानते हैं।”
ग्रामीणों ने सेवा की सराहना की
ग्रामीण टेकलाल टंडन ने कहा— “संत रामपाल जी महाराज असहाय परिवारों के लिए सचमुच भगवान बनकर सेवा कर रहे हैं। आज तक जितने भी संत आए, किसी ने पाँच रुपये तक नहीं दिए, पर संत रामपाल जी महाराज जी ने बेसहारा परिवारों के लिए हर व्यवस्था कराई है।”
अन्नपूर्णा मुहिम: मानवता का ज्वलंत उदाहरण : संत रामपाल जी महाराज के अनुयायियों द्वारा चलाई जा रही अन्नपूर्णा मुहिम आज समाज के जरूरतमंद और शारीरिक/आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए जीवन-रेखा सिद्ध हो रही है।
यह मुहिम मानवता, सेवा और समर्पण की उस मिसाल को प्रस्तुत करती है, जिसकी आज के समाज को अत्यधिक आवश्यकता है।
विशेष गहन पुनरीक्षण : मतदाताओं की शंकाओं का होगा समाधान, जानिए आवश्यक तथ्य
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अर्थातस्पेशल इंटेंसिव रिवीजन को लेकर मतदाताओं में कई प्रकार की शंकाएँ सामने आ रही हैं। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक स्पष्टीकरण जारी करते हुए महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है।
गणना पत्रक नहीं मिला तो क्या करें
यदि किसी मतदाता को गणना पत्रक (SIR फॉर्म) प्राप्त नहीं हुआ है तो वह अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर इसे प्राप्त कर सकता है। बीएलओ का मोबाइल नंबर निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
2003 के मतदाता सूची में नाम कैसे देखें
मतदाता भारत निर्वाचन आयोग या छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग की वेबसाइट में अपना EPIC नंबर अथवा मोबाइल नंबर दर्ज कर नाम खोज सकते हैं। संबंधित बीएलओ के पास भी सूची उपलब्ध रहती है।
2003 और 2025 की सूची में नाम अलग-अलग हो तो क्या करें
2003 की सूची केवल वेरिफिकेशन हेतु है। इसलिए 2003 की सूची में जैसा नाम अंकित है, वैसा ही गणना पत्रक में लिखें।
स्वयं का नाम 2025 की सूची में हो तथा रिश्तेदार का नाम 2003 की सूची में न हो तो चिंता न करें
वर्तमान सूची में नाम होने पर नाम नहीं कटेगा। केवल दावा-आपत्ति की प्रक्रिया के दौरान दस्तावेज प्रस्तुत कर सत्यापन कराना होगा।
दो जगह नाम होने पर क्या करें
मतदाता को अपने स्थायी निवास का चयन करना होगा। जिस स्थान पर मतदाता रहना चाहता है केवल उसी जगह का फॉर्म भरे, दूसरी जगह का नाम स्वतः कट जाएगा।
यदि दोनों जगह फॉर्म भर दिया गया तो दंड का प्रावधान
एकाधिक स्थानों पर मतदाता के रूप में पंजीकरण निर्वाचन अधिनियम 2025 के तहत दंडनीय अपराध है। इसके लिए कारावास और जुर्माना दोनों का प्रावधान है।
गणना पत्रक पर हस्ताक्षर अनिवार्य नहीं
यदि मतदाता उपलब्ध है तो हस्ताक्षर अवश्य करें। अनुपस्थिति की स्थिति में निकट संबंधी भी हस्ताक्षर कर सकते हैं।
महिला मतदाता विवाहोपरांत क्या करें
ऐसी महिलाओं को मायके में ही गणना पत्रक प्राप्त होगा।
* मायके की सूची में नाम बनाए रखने हेतु परिवारजन फॉर्म भरकर बीएलओ को दे सकते हैं।
* यदि ससुराल में नाम जोड़ना है तो मायके का फॉर्म न भरें। बाद में BLO के माध्यम से फॉर्म-6 जमा कर नाम जुड़वाया जा सकता है। यह प्रक्रिया 4 दिसंबर के बाद भी संभव है।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी करवाकर लोकतंत्र की मजबूती में सहभागी बनें। किसी भी प्रकार की शंका होने पर अपने बीएलओ से तत्काल संपर्क करें।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 जिले में पारदर्शिता, सुगमता एवं पूर्ण निगरानी के साथ धान खरीदी जारी अब तक 86 हजार 238 क्विंटल से अधिक हुई धान खरीदी
इमरान खोखर ब्यूरो चीफ मुंगेली
मुंगेली । शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। जिले में अब तक 86 हजार 238 क्विंटल से अधिक धान खरीदी की जा चुकी है। खरीदी केन्द्रों में किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठक व्यवस्था आदि सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई है, जिससे धान बेचने के लिए किसानों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। जिले में उपार्जन केंद्रों की संख्या 105 है तथा पंजीकृत किसानों की संख्या 01 लाख 07 हजार 214 है।
कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में 66 समितियों के माध्यम से पारदर्शिता, सुगमता एवं पूर्ण निगरानी के साथ धान खरीदी की जा रही है। केंद्रों में सुचारू धान खरीदी हेतु प्रभारियों और जिला नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जिले में धान खरीदी के लिए विशेष मॉनिटरिंग सिस्टम बनाया गया है तथा बेहतर मॉनिटरिंग के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। रूट मैपिंग करने एवं परिवहन के लिए चिन्हांकित वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगाकर विशेष निगरानी की जा रही है। धान परिवहन में किसी भी प्रकार की अनियमितता होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसानों के लिए हेल्पलाइन नंबर 7755299003 जारी किया गया है। धान खरीदी संबंधी समस्या के लिए किसान उक्त नंबर पर कॉल कर सकते हैं।
छत्तीसगढ़ पीएससी मे अंकुश ने हासिल किया सातवां रैंक,नारायणपुर के लिए गौरव का क्षण
दूसरे ही प्रयास में अंकुश बेनर्जी ने टॉप 10 की सूची में बनाया स्थान
नारायणपुर ,कल देर रात छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग (पीएससी) द्वारा घोषित परिणाम ने नारायणपुर वासियो को चौका दिया कारण यह था कि, पहली बार नारायणपुर जिले से, किसी छात्र ने छत्तीसगढ़ पीएससी के टॉप टेन सूची में स्थान बनाया था, बता दें नगर के किराना व्यवसायी एवं योग प्रशिक्षक श्री सुबोध बेनर्जी के सुपुत्र अंकुश बेनर्जी ने प्रदेश में सातवां रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है,परिणाम आते ही उनके परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल बन गया,माता-पिता ने इसे उनके निरंतर परिश्रम और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया,अंकुश लंबे समय से प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी में जुटे थे,शिक्षकों ने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान के लिए गर्व का विषय है,दोस्तों और साथियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयों से भर दिया,अंकुश ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार,मित्रो और गुरुओं के मार्गदर्शन को दिया है,क्षेत्रवासियों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं,पीएससी में सातवां रैंक प्राप्त कर अंकुश ने युवाओं के लिए प्रेरक मिसाल पेश की है।
दूसरे ही प्रयास में अंकुश ने हासिल किया सातवां रैंक
अंकुश के बड़े भाई अभिषेक बेनर्जी एवं नारायण बेनर्जी बताते हैं, अंकुश दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा था यूपीएससी में लगातार अंकुश ने तीन बार मुख्य परीक्षाएं दी,परंतु इंटरव्यू तक नहीं पहुंच पाया, समय की गंभीरता को समझते हुए अंकुश वापस छत्तीसगढ़ आ गए परिवार के साथ व्यापार में सहयोग करने लगे, साथ ही लोक सेवा के जुनून ने उसे थमने नहीं दिया, अपने परिवार और मित्रों के मार्गदर्शन से उसने 2024 में पहली बार सीजीपीएससी का एग्जाम दिया और पहले ही प्रयास में 137 व रैंक हासिल किया जिसके बाद उसका मनोबल बढ़ गया और दूसरे प्रयास में उसने सातवां रैंक प्राप्त कर नारायणपुर का नाम रोशन किया
पूरे जिलेभर में खुशी का माहौल
टॉप 10 सूची में नारायणपुर के युवक का नाम देखते ही पूरे नगर में खुशी का माहौल बन गया लगातार जिलेवासी प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष फोन पर सोशल मीडिया पर बधाई देते रहे
बंग समाज का मान बढ़ाया-कार्तिक
बंग समाज के जिलाध्यक्ष कार्तिक नंदी समेत बंग बंधुओ ने बताया अंकुश शुरू से ही बहुत मेहनती एवं एकाग्रवान बालक है, पूरे छत्तीसगढ़ में सातवां स्थान प्राप्त करने पर निश्चित तौर पर अंकुश ने पूरे नारायणपुर समेत बंग समाज का मान बढ़ाया है
ब्राह्मण कुल के गौरव बने अंकुश-अलोक
सर्व ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष आलोक झा ने कहां की बहुत ही हर्ष का विषय है अंकुश ने अपने लगन और परिश्रम से पीएससी का रिजल्ट में पूरे प्रदेश में सातवां स्थान प्राप्त किया है, चरैवेति चरैवेति मंत्र को आत्मसात कर अंकुश ने ऐसा परिणाम लाकर पूरे ब्राह्मण कुल को गौरव किया है
देर रात मंत्री और सांसद ने दी, बधाई
रात को 12:00 रिजल्ट की घोषणा हुई, खबर मिलते ही रात को लगभग 12:30 बजे स्थानीय विधायक एवं मंत्री केदार कश्यप ने फोन पर अत्यंत हर्ष व्यक्त करते हुए जमकर उत्साहवर्धन किया और अंकुश को बधाई दी, जिसके पश्चात ही बस्तर के सांसद महेश कश्यप ने भी फोन पर बधाई दी एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी
छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा के लिए समर्पित रहूंगा - अंकुश
सातवां रैंक प्राप्त कर अंकुश बेनर्जी बताते हैं, इस पूरे संघर्ष में परिवार ने हर पल मेरा मनोबल बनाए रखा, मित्रों ने उत्साहवर्धन किया सभी स्वजनों का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन मिलता रहा, अंकुश बताते हैं,छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा के लिए समर्पित रहूंगा,एवं शासन की फ्लैगशिप योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहूंगा।
बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने बढ़ाया महत्वपूर्ण कदम जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला सम्पन्न
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की दिशा में जिला स्तर पर विशेष उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन आज जिला मुख्यालय सारंगढ़-बिलाईगढ़ में किया गया। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यशाला में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षाविद एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कलेक्टर संजय कन्नौजे ने कहा कि बाल विवाह बच्चों के जीवन में अधूरा बचपन, शिक्षा का छूट जाना और भविष्य की अनेक समस्याओं की जड़ है। उन्होंने कहा कि—
“बाल विवाह रोकथाम केवल सरकारी कार्य नहीं, बल्कि यह समाज की नैतिक जिम्मेदारी है। हर व्यक्ति को यह ठानना होगा कि अपने आसपास किसी भी परिस्थिति में बाल विवाह न होने दें।”कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि वे जमीनी स्तर पर जनजागरूकता को बढ़ाएं और सभी ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में सक्रिय समूह बनाकर इस कुरीति के विरुद्ध अभियान को तेज़ करें।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा ने अपने वक्तव्य में बताया कि बाल विवाह न केवल एक अवैध कृत्य है बल्कि एक बालिका के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास पर गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान देना सभी का कर्तव्य है। यदि परिवार और समाज उचित उम्र तक विवाह की अनुमति देते हैं तो बालिकाएं अपने जीवन में आगे बढ़कर नई ऊँचाइयाँ प्राप्त कर सकती हैं।
कार्यक्रम में अधिवक्ता अनुरोध कुमार पटेल ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 और अन्य कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह होने से पहले ही सूचना देकर रोकने वालों को कानून सुरक्षा प्रदान करता है तथा इसके आयोजन या सहयोग करने वालों के विरुद्ध सख्त दंड प्रावधानित है। उन्होंने ग्रामीण स्तर पर गठित बाल संरक्षण समितियों को सक्रिय रूप से कार्य करने की आवश्यकता बताई।
विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं और जनजागरूकता कार्यक्रमों पर प्रेजेंटेशन देते हुए कहा कि— पंचायत स्तर पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी,संदिग्ध मामलों की सूचना तुरंत विभाग को दी जाएगी,विद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से जागरूकता अभियान चलेंगे,किशोर-किशोरी समूहों को अधिक सशक्त और प्रशिक्षित किया जाएगा
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने वीडियो प्रेजेंटेशन और वास्तविक अनुभव साझा कर प्रतिभागियों को जागरूक किया। उपस्थित लोगों ने शपथ लेकर कहा कि वे अपने परिवार, पड़ोस और समाज में किसी भी स्थिति में बाल विवाह नहीं होने देंगे।कार्यक्रम का संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने किया तथा समापन अवसर पर सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए यह संदेश दिया गया कि—
“सशक्त बेटियाँ, सुरक्षित भविष्य और शिक्षित समाज — यही बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ की वास्तविक पहचान होगी।”
छोटे से गाँव की बड़ी उड़ान : J M H परिवार की बेटी सीमा ने PSC में रच दिया इतिहास, बेटियों के सपनों को मिली नई दिशा
सारंगढ़/बिलाईगढ़
सारंगढ़ जिले के एक छोटे से गांव से निकलकर J M H परिवार की प्रतिभाशाली बेटी सीमा ने PSC (पीएससी) परीक्षा उत्तीर्ण कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। सीमा की इस शानदार सफलता ने न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव और जिले का मान बढ़ाया है।
लगातार इस परिवार के दो बच्चों द्वारा PSC क्लियर करना यह साबित करता है कि संकल्प, परिश्रम और मजबूत इच्छाशक्ति से सपनों को जमीन पर उतारा जा सकता है। सीमा की उपलब्धि से गांव में उत्साह और जश्न का माहौल है। ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह गांव की नई पहचान है। J M H परिवार ने गौरव व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी बेटी ने परिवार का मान बढ़ाया है और सभी बेटियों के लिए एक मजबूत संदेश दिया है कि सफलता किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। मेहनत और लगन से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। परिवार ने दोनों सफल बच्चों को भरपूर आशीर्वाद देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, अनुज मोती पटेल और हीरा पटेल ने भी इस सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि -- “गांव की बेटी ने जिस तरह PSC में सफलता हासिल की है, यह क्षेत्र की सभी बेटियों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है। यह उपलब्धि में हमारे जिले, गांव और परिवार का मान कई गुना बढ़ा दिया है।”
मोती पटेल ने आगे कहा कि -- “सीमा ने साबित कर दिया कि यदि सपनों को पंख दिए जाएं और सही मार्गदर्शन मिले तो कोई भी बेटी आसमान की ऊँचाइयों को छू सकती है। यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनेगी।”
ग्रामवासियों द्वारा लगातार बधाइयों का सिलसिला जारी है। सीमा की इस उपलब्धि ने गांव के बच्चों में भी शिक्षा के प्रति प्रेरणा जगाई है।
सीमा की यह सफलता संदेश देती है कि बेटियाँ केवल घर की शान नहीं, बल्कि देश का गौरव भी बन सकती हैं।
जल संचयन में जिले कों राष्ट्रीय पुरुस्कार मिलने पर कलेक्टर दीपक सोनी को प्रेस क्लब ने दी हार्दिक बधाई
गोविंद राम ब्यूरो चीफ बलौदाबाजार बिहान छत्तीसगढ़
बलौदाबाजार - भाटापारा जिले ने जल संरक्षण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशेष पहचान बनाई है। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन के प्लेनरी हॉल में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री
सी.आर. पाटिल ने जल संचय जनभागीदारी पुरस्कार 1.0 से जिले को सम्मानित किया। पूर्वी क्षेत्र की कैटेगरी 2 में चयनित जिले को एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया, जिसे कलेक्टर दीपक सोनी ने प्राप्त किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री वी. सोमन्ना व राजभूषण चौधरी भी उपस्थित थे।
जिले को यह सम्मान जल संचयन हेतु किए गए विशाल कार्यों के आधार पर प्राप्त हुआ है, जिनमें अब तक 35,793 जल संरचनाओं का निर्माण शामिल है। मनरेगा, कैम्पा, सीएसआर, राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तालाब, डबरी, परकोलेशन टैंक, सोखता गड्ढा, अमृत सरोवर, चेकडैम, एनीकट, स्टॉपडैम, नहर जीर्णोद्धार जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रभावी रूप से पूर्ण किए गए। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन तथा कलेक्टर दीपक सोनी के नेतृत्व में चलाए गए जल संचय महाअभियान ने जिले को राष्ट्रीय पटल पर अग्रणी बनाया है।
राष्ट्रीय सम्मान की इस उपलब्धि पर गुरुवार कों बलौदाबाजार प्रेस क्लब के अध्यक्ष नरेश गनशानी एवं क्लब के सदस्यों ने कलेक्टर से मुलाकात कर उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। अध्यक्ष गनशानी ने कहा कि यह उपलब्धि कलेक्टर सोनी के दूरदर्शी नेतृत्व, सुनियोजित प्रयासों और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की पहल का प्रतिफल है, जिसने जिले का मान देशभर में बढ़ाया है। प्रेस क्लब सदस्यों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह गर्व का क्षण पूरे बलौदाबाजार जिले का है, जिसकी चर्चा आज हर नागरिक और जनप्रतिनिधि के बीच प्रसन्नता के साथ हो रही है। राष्ट्रीय स्तर पर चमकते इस गौरव ने जिले को विकास के नए आयामों की ओर अग्रसर कर दिया है। इस दौरान अध्यक्ष नरेश गनसानी, राघवेंद्र सिंह, राजेश्वर गिरी,लकेश बघेल, विजय तिवारी, गोविन्द रात्रे,पुष्पकांत मेजर, श्रवण ध्रुव, आभाष शर्मा, मोहित मरकाम, निर्मल सिंह चौहान इत्यादि उपस्थित रहे।