राज्य

आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत आदि सेवा पर्व का आयोजन

विकास कुमार यादव - बिहान छत्तीसगढ़ 

बलरामपुर 

जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा वर्ष 2023-24 में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान एवं वर्ष 2024-25 में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का शुभारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से पीव्हीटीजी जनजाति समूहों एव अनुसूचित जनजातियों के विकास एवं कल्याण से जुड़े हुए प्रमुख योजनाओं की संतृप्ति सुनिश्चित करना है।


इसी अनुक्रम में जनजातीय कार्य मंत्रालय द्वारा आदि कर्मयोगी अभियान का शुभारंभ किया गया है। जिसका उद्देश्य शासन एवं योजना निर्माण को संस्थागत रूप देने तथा आदिवासी क्षेत्र में अंतिम छोर तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने हेतु लक्षित है। यह अभियान राज्य के 28 जिलों के 128 विकासखंड एवं 6650 आदिवासी बाहुल्य ग्रामों में क्रियान्वित किया जा रहा है।


बलरामुपर रामानुजगंज जिले में भी इस अभियान अंतर्गत 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025 तक आदि सेवा पर्व का आयोजन किया जायेगा। जिले के समस्त विकासखण्डों के 421 आदिवासी जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में आदि सेवा केन्द्र का चिन्हांकन कर संचालन शुरू किया जाएगा एवं इन सेवा केन्द्रों में समस्याओं का निदान, शिकायत निवारण एवं सेवाओं का प्रदाय (आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, वन अधिकार पत्र, भू-अभिलेख आदि) भी सुनिश्चित किया जाएगा। सेवा पर्व के दौरान सभी छात्रावास/आश्रमों में स्वच्छता पखवाड़ा, वृक्षारोपण तथा छात्र-पालक सम्मेलन भी आयोजित होंगे।

प्रत्येक छात्रावास/आश्रमों में विकसित भारत एवं आदि कर्मयोगी अभियान पर चित्रकला, निबंध लेखन आदि कार्यक्रम का आयोजन तथा डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा। जिले में स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय एवं क्रीड़ा परिसर में विभिन्न खेलों का आयोजन, आदि सेवा पर्व के दौरान आईईसी कैम्पेन भी स्थानीय स्तर पर चलाया जाएगा। इसके साथ ही विलेज वालेंटियर्स, ब्लॉक मास्टर ट्रेनर्स, एनजीओ के प्रतिनिधियों, आदि सहयोगियों तथा स्थानीय आदिवासी समुदाय की सहभागिता से ग्राम का भ्रमण कर समस्याओं की जानकारी तथा गांव की जरूरतों पर चर्चा किया जाएगा

एवं विलेज विजनिंग एक्सरसाइज के द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में क्रिटिकल गैप की पहचान कर उसके आधार पर गांव के लोगों से चर्चा तथा सहमति के आधार पर सहभागी रूप से विलेज एक्शन प्लान तैयार करने की कार्यवाही भी की जाएगी। जिसमें गांव के युवाओं एवं महिलाओं की भी सक्रिय भूमिका होगी। 02 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित विशेष ग्राम सभा में प्रत्येक ग्राम में तैयार किये गए विलेज एक्शन प्लान पर चर्चा एवं अनुमोदन की कार्यवाही तथा माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा आदि कर्मयोगी अभियान पर सभी 6650 ग्रामों को प्रेषित की जाने वाली पाती का वाचन किया जाएगा। इसके साथ ही आदि साथी/आदि सहयोगी एवं ग्राम सभा के सभी सदस्यों एवं अन्य सहभागियों को अपने ग्राम को विकसित करने हेतु आदि शपथ दिलाई जाएगी।


सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने जानकारी दी है कि आदि कर्मयोगी अभियान के लिए जिले के 421 ग्रामों का चिन्हांकन किया गया है। चिन्हांकित 421 ग्रामों में 17 सितम्बर को आदि सेवा केन्द्र का शुभारंभ किया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image