सूदखोर तोमर ने वसूले 50 लाख..रायपुर के होटल-कारोबारी ने लिए थे 15 लाख
रायपुर
रायपुर के बहुचर्चित सूदखोर रोहित तोमर और होटल कारोबारी गजानंद सिंह की कॉल रिकॉर्डिंग वायरल हो रही है, जिसमें रोहित तोमर कारोबारी को पैसे के लिए डरा रहा है। घर में घुसकर कारोबारी समेत मां-बाप को मार डालने की धमकी दे रहा है। मामला भनपुरी-खमतराई इलाके का है।
कारोबारी के मुताबिक सूदखोर रोहित तोमर से 15 लाख रुपए उधार लिए थे। बदले में तोमर ने उससे करीब 50 लाख वसूल कर चुका था, वह और पैसों की मांग कर रहा था। पैसे वसूलने की कॉल रिकॉर्डिंग सामने आई है, जिसमें रोहित होटल कारोबारी को गालियां और धमकी दे रहा है
कारोबारी गजानंद सिंह ने बताया कि वह भनपुरी खमतराई में रहता है। उसका होटल का बिजनेस है। कोरोना के दौर में बिजनेस में नुकसान हुआ तो उसे पैसों की जरूरत पड़ी, लेकिन सिविल स्कोर कम होने की वजह से बैंक से लोन नहीं मिल पाया।
कारोबारी ने बताया कि एक व्यक्ति के माध्यम से उसका रोहित तोमर के साथ संपर्क हुआ। रोहित तोमर से उसने 15 लाख रुपए लोन की बातचीत की। इसके बदले में तोमर ने कारोबारी से जमीन के कागजात और सिग्नेचर किया कोरा चेक मंगाया।
कारोबारी ने बताया कि 19 अक्टूबर 2022 को 15 लाख रुपए उसे वापस दे दिए, लेकिन वसूली का सिलसिला नहीं थमा। इसके बाद जनवरी 2023 में फिर 12 लाख रुपए दिए गए। इस तरह कई किस्तों में करीब 50 लाख 51 हजार रुपए रोहित तोमर और उनके गुर्गों ने वसूले। रोहित के टॉर्चर से गजानंद सिंह लगातार परेशान हो गया। उसने बताया कि आत्महत्या करने का मन किया। हर दूसरे दिन गालियां देकर रोहित और दिव्यांश तोमर उससे बात करते थे। उसके होटल को कब्जा करने और जमीन को हड़पने की बात कहते थे।
कारोबारी गजानंद सिंह की शिकायत पर पुलिस ने रोहित तोमर, दिव्यांश तोमर, आकाश मिश्रा और योगेश सिन्हा के खिलाफ अवैध वसूली, धमकी और छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम के तहत FIR दर्ज की है।
पुलिस को दी गई शिकायत के साथ पीड़ित ने पेन ड्राइव, बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल्स और ऑडियो-वीडियो सबूत भी सौंपे हैं। इस मामले में दिव्यांश तोमर पहले से ही न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल रायपुर में बंद है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के खिलाफ अब तक 6 FIR दर्ज हो चुकी है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।