मक्का प्लांट पर ग्रामीणों का उग्र हमला, 20 लाख तक नुकसान; कोकोड़ी में तनाव बरकरार
कोंडागांव
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिला अंतर्गत कोकोड़ी गांव स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्लांट में गुरुवार को उस समय स्थिति बेकाबू हो गई, जब 700 से 800 की संख्या में ग्रामीणों ने अचानक प्लांट परिसर पर धावा बोल दिया। लाठी-डंडों और पत्थरों से लैस ग्रामीणों ने कार्यालय में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। परिसर में खड़ी कार, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को भी निशाना बनाया गया, जिससे भारी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार 10 से 20 लाख रुपये तक की क्षति होने का अनुमान है।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाला अपशिष्ट (वेस्ट) आसपास के खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलों को नुकसान हो रहा है। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार प्रशासन और प्लांट प्रबंधन को शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार अनदेखी से आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार हिंसक रूप में फूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में करने की कोशिश की। गुरुवार रात हुए हमले के बाद शुक्रवार सुबह भी कुछ ग्रामीण दोबारा प्लांट में घुसने का प्रयास करते देखे गए, जिन्हें पुलिस ने खदेड़ दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कांकेर से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। प्लांट के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।
गांव में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। कुछ ग्रामीण दूर से पुलिस बल पर गुलेल से पत्थर फेंकते देखे गए, जिससे माहौल और संवेदनशील बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हालात पर नजर रखी जा रही है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इधर, प्लांट पर मौजूद महाराष्ट्र के एक ट्रक ड्राइवर ने बताया कि हमले के दौरान वह अपनी जान बचाने के लिए पास के जंगल में छिप गया था। उसने कहा कि स्थिति इतनी भयावह थी कि उसे अपनी जान का खतरा महसूस हुआ।
प्रशासन ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।