ग्राम घिरघोल में कृषि चौपाल का आयोजन,किसानों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ समर्थन मूल्य से पेंशन तक,ई-केवायसी से एमएसपी तक: किसानों को मिली हर योजना की जानकारी
गोविन्द राम ब्यूरो चीफ
पलारी:- बलौदाबाजार जिले मे कृषि विभाग एवं समवर्गीय विभागों द्वारा 10 से 27 फरवरी 2026 तक ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित किए जा रहे कृषि चौपाल अभियान के तहत बुधवार 11 फ़रवरी कों ग्राम घिरघोल के महामाया चौक स्थित सामुदायिक भवन में कृषि चौपाल का सफल आयोजन किया गया। चौपाल का उद्देश्य किसानों तक शासन की विभिन्न योजनाओं की सीधी जानकारी पहुंचाना, समस्याओं का निराकरण करना तथा शत-प्रतिशत पात्र किसानों को योजनाओं से जोड़ना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सरपंच श्री विष्णु दास वैष्णव, वरिष्ठ किसान नेता श्री सुकालू राम यदु, युवा भाजपा नेता राहुल चन्द्राकर उपस्थित रहे। कृषि विभाग से वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री जी.एन. तारम एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी राजू कुमार टाण्डे ने योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
11 बिंदुओं पर दी गई योजनाओं की जानकारी
चौपाल में 11 प्रमुख बिंदुओं के तहत किसानों को योजनाओं से अवगत कराया गया। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी राजू कुमार टाण्डे ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत संदिग्ध (सस्पेक्टेड) कृषकों के सत्यापन, ई-केवायसी, भूमि विवरण सुधार, बैंक आधार सीडिंग तथा एग्री-स्टेक के माध्यम से फार्मर आईडी निर्माण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पात्र कृषक परिवारों को प्रतिवर्ष 6000 रुपये की राशि तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है।
उप संचालक कृषि दीपक कुमार नायक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिले में अब तक 1,27,367 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिल चुका है, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। शेष पात्र कृषकों का नवीन पंजीयन भी अभियान के दौरान किया जा रहा है।
पीएम किसान मानधन एवं पेंशन योजना
18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के पंजीकृत लघु एवं सीमांत किसानों को प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना के अंतर्गत पंजीयन कराए जाने की जानकारी दी गई। योजना के तहत 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर किसानों को 3000 रुपये प्रतिमाह पेंशन का लाभ मिलेगा। चौपाल में ही ग्राहक सेवा केंद्रों के माध्यम से पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
पीएम-आशा योजना के तहत समर्थन मूल्य पर खरीदी
प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के अंतर्गत रबी फसल में चना, मसूर एवं सरसों के पंजीयन एवं न्यूनतम समर्थन मूल्य पर विक्रय की जानकारी दी गई। पलारी ब्लॉक की अमेरा समिति में चना 5875 रुपये प्रति क्विंटल, मसूर 7000 रुपये प्रति क्विंटल एवं सरसों 6200 रुपये प्रति क्विंटल की दर से उपार्जन किया जाएगा। किसानों को एनसीसीएफ पोर्टल ई-समयुक्ति में पंजीयन कराने हेतु प्रेरित किया गया।
खरीफ 2026 की तैयारी और उर्वरक का अग्रिम उठाव
चौपाल में खरीफ 2026 हेतु बीज मांग, उन्नत बीज उपलब्धता एवं उर्वरकों के अग्रिम उठाव पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे संबंधित सहकारी समितियों से समय रहते उर्वरक उठाव कर लें, ताकि बाद में खाद की कमी एवं कालाबाजारी जैसी समस्याओं से बचा जा सके।
किसान समृद्धि योजना एवं बीज उत्पादन
किसान समृद्धि योजना के तहत नलकूप खनन, बीज उत्पादन कार्यक्रम में पंजीयन तथा बीज प्रक्रिया केंद्र छेरकापुर में विक्रय कर अधिक लाभ अर्जित करने की जानकारी दी गई। किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, कृषि यंत्र, पौध संरक्षण एवं कीट-व्याधि नियंत्रण संबंधी सलाह भी प्रदान की गई।
प्राकृतिक खेती और लघु धान्य फसलें चौपाल में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। बीजामृत, जीवामृत, घन जीवामृत, नीमास्त्र एवं ब्रह्मास्त्र बनाने की विधि, उपयोग एवं लाभ की जानकारी विस्तार से दी गई। साथ ही लघु धान्य फसलें कोदो, कुटकी एवं रागी की खेती को प्रोत्साहित करने पर चर्चा की गई, जिससे किसानों की आय में वृद्धि एवं पोषण सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
बड़ी संख्या में किसानों की सहभागिता
कृषि चौपाल में जनका राम देवांगन, पंचराम साहू, मालिक राम फेकर, राधे, देवनाथ, मोहन लाल, भूषण वैष्णव, धनेश पटेल, भागवत यादव, जयचंद टंडन, खेदूराम, लीलाधर, गिरधारी, बलदाऊ, रामनाथ साहू, अंजना साहू सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों ने योजनाओं से संबंधित अपनी समस्याएं रखीं, जिनका मौके पर निराकरण किया गया। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे 27 फरवरी तक अपने-अपने ग्राम पंचायत में आयोजित हो रहे कृषि चौपाल में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा अधिकतम लाभ उठाएं।