अंबेडकर हॉस्पिटल में पहली बार विदेशी स्टूडेंट का ऑपरेशन:
रायपुर
रायपुर के डॉ भीमराव अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल में साउथ अफ्रीकी स्टूडेंट के गाल ब्लैडर के स्टोन की सफल सर्जरी की गई है। पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में सर्जरी विभाग की हेड डॉ.मंजू ने बताया कि वो 2005 से अंबेडकर हॉस्पिटल में अपनी सर्विसेज दे रही हैं।
लेकिन ये पहली बार है कि किसी विदेशी महिला ने यहां ऑपरेट कराया हो। ऑपरेशन से पहले मरीज को अफ्रीका भेजने की बात चल रही थी। लेकिन उसने हम पर विश्वास जताया और ऑपरेशन के लिए अपनी अनुमति दी। इसके लिए मेल पर उनके पेरेंट्स का कंसेंट लिया गया था। मरीज के अटेंडर सिबोनेलो सनेलिस जुंगु ने ऑपरेशन से पहले कहा था कि भारत के डॉक्टर साउथ अफ्रीका में मरीजों का सफल इलाज कर रहे हैं। ऐसे में हम भारत में इलाज करा सकते हैं। इसके लिए अफ्रीका जाने की जरूरत नहीं है।
डॉ मंजू ने बताया कि मरीज को छह महीने से रह-रहकर पेट में दर्द उठ रहा था। जांच में गाल ब्लैडर में स्टोन सामने आया। इसके बाद लेप्रोस्कोपिक कोलेसीस्टेक्टोमी सर्जरी की गई। वहीं, सर्जरी के बाद मरीज का कहना है कि वह पहले से बहुत अच्छा महसूस कर रही है ।
डॉ. मंजू सिंह के अनुसार, जब ये स्टूडेंट यहां भर्ती हुई तब हमने नियमानुसार सबसे पहले इसकी सूचना चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. विवेक चौधरी और अंबेडकर अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर को दी।
डीन डॉ. विवेक चौधरी और अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने मरीज की सर्जरी से संबंधित समस्त औपचारिकताओं को अतिशीघ्र पूर्ण कराकर विदेशी स्टूडेंट के इलाज को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।