महासमुंद में गूंजे सुरों के स्वर, युवा प्रतिभाओं को मिला नया मंच
रायपुर/महासमुंद। संगीत, कला और संस्कृति के रंगों से सराबोर महासमुंद शहर में आयोजित भव्य संगीत प्रतियोगिता ‘गाइये और छा जाइये’ ने स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का शानदार अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम में धरसींवा विधायक एवं छत्तीसगढ़ी फिल्म जगत के लोकप्रिय कलाकार अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में जिले भर से पहुंचे प्रतिभागियों ने अपने मधुर गायन से उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकगीतों से लेकर आधुनिक गीतों तक, मंच पर प्रस्तुतियों की विविधता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों ने देर रात तक चलने वाले इस सांस्कृतिक आयोजन का आनंद लिया।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि संगीत और संस्कृति छत्तीसगढ़ की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि हमारी परंपराओं में गीत-संगीत जीवन का अभिन्न हिस्सा रहा है। छत्तीसगढ़ की माटी में कला और संस्कृति कूट-कूटकर भरी हुई है तथा ऐसे आयोजन युवाओं की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।
उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अपनी भाषा, संस्कृति और जड़ों पर गर्व करना चाहिए। जो व्यक्ति अपनी पहचान और संस्कारों से जुड़ा रहता है, वही जीवन में बड़ी ऊंचाइयों तक पहुंचता है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा को निखारने के लिए आत्मविश्वास, समर्पण और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। आज के युवाओं में कला के प्रति जो उत्साह दिखाई दे रहा है, वह छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
कलाकारों को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और विजेताओं को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विधायक अनुज शर्मा ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में कमल जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, संगीत प्रेमी और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा तथा युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक सशक्त मंच मिला।