चाइनीज मांझा के घायलों को मुआवजा देने की मांग
रायपुर
राजधानी रायपुर में चाइनीज मांझा से हो रही दुर्घटनाओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंध के बावजूद शहर में चाइनीज मांझा खुलेआम बिक रहा है, जिससे आम नागरिकों की जान खतरे में पड़ रही है। नेता प्रतिपक्ष ने प्रशासन से इस पर तत्काल और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
हाल ही में घायल हुईं नेहा यादव और संकल्प द्विवेदी के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने दोनों घायलों को 2-2 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की है।
आकाश तिवारी ने कहा कि मकर संक्रांति के बाद से शहर में चाइनीज मांझा से जुड़े कई हादसे सामने आए हैं। राह चलते लोग, दोपहिया वाहन चालक और बच्चे इसकी चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार घटनाएं होने के बावजूद जिला प्रशासन और नगर निगम सिर्फ औपचारिक कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
आकाश तिवारी ने कहा कि यह मामला केवल पतंगबाजी का नहीं, बल्कि जन सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने मांग की कि चाइनीज मांझा बेचने और सप्लाई करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
नेता प्रतिपक्ष ने साफ कहा कि जब तक चाइनीज मांझा की बिक्री पूरी तरह बंद नहीं होती और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक ऐसे हादसे रुकने वाले नहीं हैं।
राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के खिलाफ नगर निगम और प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। नगर निगम टीम ने जोन 4 में औचक निरीक्षण किया गया। बूढ़ापारा के मोती पतंग भंडार और सत्ती बाजार के संजय पतंग भंडार में छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान मोती पतंग भंडार से 110 नग और संजय पतंग भंडार से 55 नग प्रतिबंधित चाइनीज मांझा जब्त किया गया। दोनों दुकानों के संचालकों को भविष्य में चाइनीज मांझा मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की स्पष्ट चेतावनी दी गई है। मामले में छत्तीसगढ़ राज्य पर्यावरण संरक्षण मंडल के निर्देशानुसार आगे की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है।