बिलासपुर के मित्तल फर्नीचर में आग...2 की मौत
बिलासपुर
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में 2 लोग जिंदा जल गए। मरने वालों में सुपरवाइजर और मजदूर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मोटर से निकली चिंगारी से तारपीन तेल के टैंकर में आग लगी। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक मृतकों में सुपरवाइजर ऋषभ शुक्ला और मजदूर आयुष सूर्यवंशी शामिल हैं। सुपरवाइजर ऋषभ फैक्ट्री से जलते हुए निकले थे, जिन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां मौत हो गई। वहीं मजदूर आयुष फैक्ट्री में ही फंस गया था। जलने से जान चली गई।
दरअसल, मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में लकड़ी पॉलिश और अन्य कार्यों में उपयोग होने वाले ज्वलनशील तारपीन तेल को संग्रहित करने के लिए एक बड़ा टैंकर बनाया गया था। मंगलवार (23 दिसंबर) दोपहर अचानक टैंकर से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग की तेज लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। आग की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए कई दमकल वाहनों की मदद से लगातार पानी और फोम का छिड़काव किया। फैक्ट्री में आयुष सूर्यवंशी, उसका बड़ा भाई आशीष और पिता घनश्याम सूर्यवंशी भी काम कर रहे थे। आशीष और घनश्याम तो बाहर निकल गए, लेकिन आयुष फंस गया। देर रात तक उसकी तलाश की जाती रही, लेकिन कुछ पता नहीं चला। अगले दिन उसे अस्पताल ले जाया गया, तब तक उसकी जान चली गई थी।
जानकारी के मुताबिक मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में मोटर से निकली चिंगारी पास रखे तारपीन तेल के टैंकर तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेज थी कि फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
वहीं मामले में सिरगिट्टी थाने के टीआई किशोर केंवट का कहना है कि मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री के सुपरवाइजर ऋषभ शुक्ला और आयुष सूर्यवंशी की डेडबॉडी पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम के बार शव परिजनों को सौंपा जाएगा। आग को लेकर जांच की जा रही है।