रायपुर-नागपुर ड्रग्स सिंडिकेट पकड़ाया
रायपुर
न्यू ईयर ईव के मद्देनजर रायपुर में पार्टियों में MDMA ड्रग्स की सप्लाई करने वाले बड़े सिंडिकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नागपुर के तस्कर, इवेंट ऑर्गेनाइजर सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें एक नाबालिग लड़की भी शामिल है।
दरअसल, युवक-युवती का ड्रग्स, कैश और मोबाइल के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। 17 सेकेंड के इस वीडियो में युवक मोबाइल पर बात कर रहा है। युवती वीडियो बनाते और गालियां देती नजर आई। एक टेबल में मोबाइल, पैसे और ड्रग्स की 19 लाइन खींची हुई दिखी थी।
इसी वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के वरण अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में रेड कर आरोपियों को रंगे हाथ MDMA ड्रग्स के साथ पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 10 ग्राम MDMA, चार मोबाइल फोन और 20 हजार कैश जब्त किए गए, जिसकी कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपए बताई गई है।