सूदखोर तोमर को 14 दिन की जेल..
रायपुर
रायपुर पुलिस ने दलबल के साथ शुक्रवार को सूदखोर वीरेंद्र तोमर को जिला कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने तोमर को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा दिया है। पूछताछ में वीरेंद्र तोमर ने अपने छुपने के ठिकानों और कुछ प्रॉपर्टी की जानकारी भी पुलिस को दी है।
इस दौरान कोर्ट परिसर में वीरेंद्र तोमर ने कहा कि मैं अपराधी नहीं हूं, मुझे फंसाया जा रहा। मेरे परिवार को आतंकी बनाया जा रहा है। परिवार को जबरन फंसाया जा रहा है। इस दौरान समर्थकों ने केंद्रीय जेल के बाहर प्रदर्शन और नारेबाजी भी की।
इसके अलावा क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने सूदखोर वीरेंद्र तोमर के जुलूस निकालने का विरोध किया है। सोशल मीडिया पर 1 घंटे तक लाइव आकर समाज के लोगों से कहा कि पुलिस ने गलत किया है। तोमर कोई आतंकवादी था क्या, जिसका जुलूस निकाला गया।
उन्होंने सरकार को चेताते हुए कहा कि क्षत्रिय समाज के लाखों लोग बहुत जल्द रायपुर कूच करेंगे। हम उन पुलिस वालों के घर में भी घुसेंगे जो तोमर के घर के अंदर घुसे थे। इसके अलावा शेखावत ने इस कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब देने की बात कही है।
राज शेखावत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है कि छत्तीसगढ़ में 7 दिसंबर को न्याय महापंचायत की जाएगी। वहीं 3 महीने पहले राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने रायपुर में कहा था कि हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह तोमर का करणी सेना से कोई संबंध नहीं है।