सूदखोर तोमर ब्रदर्स का अवैध निर्माण ढहाया
रायपुर
सूदखोरी, वसूली, ब्लैकमेलिंग मामले में वांटेड वीरेंद्र सिंह तोमर और रोहित तोमर के घर पर रविवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। पुलिस, प्रशासन और निगम की टीम रविवार सुबह 9 बजे बुलडोजर लेकर भाठागांव स्थित तोमर के आलीशान बंगले सांई विला सोसायटी पहुंची।
बुलाने पर तोमर परिवार के यहां से कोई नहीं आया। तब अधिकारी मकान के भीतर गए। उन्हें कार्रवाई का नोटिस थमाया और पीछे हिस्से में बने ऑफिस को तोड़ दिया। यह 1000 वर्गफीट जमीन पर बना था। यहीं से सूदखोरी का अवैध कारोबार चलता था।
यहीं सूदखोरी के दस्तावेज रखे जाते थे। लोगों को धमकाया जाता था। निगम ने इस निर्माण के लिए कई बार तोमर परिवार को नोटिस जारी किया और दस्तावेज मांगा। तोमर परिवार ने जवाब नहीं दिया। उसके बाद रिकॉर्ड खंगाला गया। रिकॉर्ड में अवैध निर्माण पाया गया। निगम ने अवैध निर्माण को तोड़ा है। पुलिस भी अपनी कार्रवाई कर रही है। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद ही तोमर परिवार की संपत्ति को कुर्क किया जाएगा। कोर्ट में प्रक्रिया चल रही है।
तोमर बंधु कई साल से राज्य के प्रमुख नेताओं, विधायक, सांसदों से लेकर मंत्री और मुख्यमंत्रियों तक के साथ फोटो खिंचवाते आए हैं।
इन्हीं फोटो को दिखाकर वह अपना रसूख और दबंगई कायम करने में लगे थे। विष्णुदेव साय सरकार ने तोमर बंधुओं के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर बाकायदा संदेश दिया कि तोमर बंधुओं के राजनीतिक रसूख के दिखावे सही नहीं है। सरकार इस मामले में कोई संरक्षण नहीं देने वाली है।