राजधानी

रायपुर निगम के गड्‌ढे में डूबे 3 बच्चे...1 की मौत:6 महीने से ऐसे ही खुला पड़ा था, शिकायत होती रही; गड्‌ढा नहीं पटा

रायपुर के गुलमोहर पार्क में रविवार को निगम के गड्ढे में 3 बच्चे डूब गए, जिनमें से एक 7 साल के बच्चे दिव्यांश की मौत हो गई है। आज बच्चे के शव का अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद से आक्रोशित लोगों ने गुलमोहर पार्क के बाहर धरना प्रदर्शन कर चक्काजाम किया।

हादसा गुढ़ियारी थाना इलाके का है। एक बच्चे की मौत और 2 बच्चों को चोट आने के बाद कॉलोनीवासी आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

एक दिन पहले शनिवार को भी एक ऐसा ही हादसा हुआ था। छत्तीसगढ़ नगर में 3 साल का बच्चा गिरा था जिसे किसी तरह एक शख्स ने बचा लिया था

रविवार को यह हादसा ईडब्ल्यूएस कॉलोनी गुलमोहर पार्क, रामनगर में हुआ है। निगम की ओर से खोदे गए गड्ढे में 3 बच्चे गिर गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से दो बच्चों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, सीवरेज लाइन डालने के लिए खोदा गया गड्ढा खुला छोड़ दिया गया था। पाइपलाइन के लीकेज होने के कारण गड्ढा पानी से भर गया था। जब बच्चे पास में खेल रहे थे, तभी तीनों गड्ढे में जा गिरे। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे 5 से 7 साल की उम्र के थे।

Leave Your Comment

Click to reload image