रायपुर प्रेस-क्लब में गोविंदलाल वोरा लाइब्रेरी का शुभारंभ:
देश के वरिष्ठ पत्रकार और सम्पादक स्व. गोविन्दलाल वोरा की स्मृति में रायपुर प्रेस क्लब में रविवार को गोविन्दलाल वोरा लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित कवि-कथाकार विनोद कुमार शुक्ल की विशेष उपस्थिति में आयोजित समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि थे।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक अरूण वोरा ने की। जबकि रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा, मध्यप्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार उमेश त्रिवेदी, अरूण पटेल और अमृत संदेश के प्रधान संपादक गिरीश वोरा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद थे।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने गोविन्दलाल वोरा को याद करते हुए कहा कि, उनका पूरा जीवन पत्रकारिता को समर्पित रहा है। उनकी शालीनता एक मिसाल है। मेरे मुख्यमंत्री रहते और उससे पहले कभी भी वोराजी ने मुझसे किसी काम के लिए नहीं कहा। वे ऐसे पत्रकार थे, जिनकी सादगी युवा पत्रकारों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।
डॉ. सिंह ने लाइब्रेरी में किताबों के लिए स्वनिधि से 1 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि 30 दिन के भीतर किताबों के लिए राशि हस्तांतरित कर दी जाएगी। उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब के प्रयास की तारीफ की और कहा कि लाइब्रेरी के माध्यम से पत्रकारों को पढ़ने की अच्छी सुविधा मिलेगी।
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार उमेश त्रिवेदी ने कहा कि, भले ही वे मध्यप्रदेश से हैं, लेकिन दोनों प्रदेशों में पत्रकारिता का डीएनए एक ही रहा है। उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब के प्रयासों की तारीफ की। समारोह की अध्यक्षता कर रहे पूर्व विधायक अरुण वोरा ने भी लाइब्रेरी की उपयोगिता पर प्रकाश डाला और प्रेस क्लब के प्रयासों की सराहना की।
इस मौके पर ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित विख्यात साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल ने किताबों और पढ़ने-लिखने के महत्व के रेखांकित करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने पत्रकारों को पढ़ने-लिखने के लिए प्रेरित किया।
रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर ने आगामी दिनों में प्रेस क्लब में वीडियो प्रोडक्शन स्टूडियो और फोटो गैलरी बनाने की योजना साझा की। साथ ही पत्रकारों से, विशेषकर युवा पत्रकारों से आग्रह किया कि वे रायपुर प्रेस क्लब की लाइब्रेरी का सदुपयोग करें।
इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों द्वारा किताब लिखने पर प्रति वर्ष दो किताबों के प्रकाशन की जिम्मेदारी प्रेस क्लब द्वारा उठाने की घोषणा की। उन्होंने पत्रकारों के लिए फेलोशिप और पत्रकारिता पुरस्कार दिए जाने संबंधी योजनाओं की भी जानकारी दी।
रायपुर प्रेस क्लब के महासचिव वैभव शिव पांडे ने भी पत्रकारों को पुस्तकालय में किताब पठन के लिए प्रेरित किया। साथ ही बहुत ही जल्द लाइब्रेरी में हर प्रकार की किताबों के संकलन होने की बात कही। इससे पहले ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित कवि, कथाकार विनोद कुमार शुक्ल का सम्मान किया गया।
इस मौके पर रायपुर प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष संदीप शुक्ला, कोषाध्यक्ष रमन हलवाई, संयुक्त सचिव तृप्ति सोनी, अरविंद सोनवानी समेत राजनीतिक, सामाजिक, शिक्षा और पत्रकारिता क्षेत्र से जुड़े कई लोग उपस्थित थे।