अटारी में हर हफ्ते 1-2 गायों की मौत: नेता प्रतिपक्ष
रायपुर
रायपुर नगर निगम के गौठानों में क्षमता से ज्यादा गोवंश रखे जाने को लेकर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने निगम प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि निगम के रिकॉर्ड और गौठानों की जमीनी स्थिति में बड़ा अंतर है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गौठानों में जगह, चारा, पानी और इलाज की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है तो वहां गोवंश कैसे सुरक्षित रहेंगे? आकाश तिवारी ने निगम के चार गौठानों की स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि कई जगह क्षमता से ज्यादा गोवंश रखे गए हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नगर निगम की ओर से एक गोवंश के चारे के लिए प्रतिदिन करीब 27.50 रुपए दिए जाते हैं। उनका कहना है कि यह राशि गोवंश की जरूरतों के हिसाब से पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कई गौठानों में पर्याप्त पानी, शेड और पशु चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं भी नहीं हैं। कुछ जगह व्यवस्था ठीक होने की बात कहते हुए उन्होंने अधिकांश गौठानों की स्थिति को चिंताजनक बताया।
आकाश तिवारी ने कहा कि सड़कों से गोवंश को हटाकर गौठानों में रखने का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब वहां उनकी पर्याप्त देखभाल हो। अगर गौठानों में ही चारा, पानी और इलाज की व्यवस्था नहीं होगी तो बेजुबान पशुओं की सुरक्षा कैसे होगी।
उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति नगर निगम की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। समय रहते सुधार नहीं किया गया तो गौठानों में गोवंश के जीवन को बचाना मुश्किल होगा।
नेता प्रतिपक्ष ने रखी 3 मांगें
सभी गौठानों की तत्काल थर्ड पार्टी जांच कराई जाए।
गौठानों में क्षमता के अनुसार ही गोवंश रखे जाएं और जरूरत के मुताबिक नए गौठान बनाए जाएं।
संचालन समितियों की जवाबदेही तय कर नियमित निगरानी की जाए।