AAP कार्यकारी अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने दिया इस्तीफा
रायपुर
आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उत्तम जायसवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और छत्तीसगढ़ प्रभारी मुकेश अहलावत को भेजा है। जायसवाल ने इस्तीफे में पार्टी की मौजूदा कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि प्रदेश संगठन और जमीनी कार्यकर्ताओं की राय को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में पार्टी के जरिए छत्तीसगढ़ के लिए काम करने का उनका उद्देश्य पूरा होता नहीं दिख रहा।
जायसवाल ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में संगठन का आंतरिक संवाद कमजोर हुआ है। उनका कहना है कि दिल्ली से आने वाले कुछ लोगों की पसंद-नापसंद के आधार पर फैसले लिए जा रहे हैं, जबकि प्रदेश संगठन और जमीनी कार्यकर्ताओं से पर्याप्त चर्चा नहीं होती।
उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण फैसलों में प्रदेश संगठन को भरोसे में नहीं लेने से कार्यकर्ताओं में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है।
इस्तीफे में जायसवाल ने कहा कि प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहने के बावजूद उन्हें छत्तीसगढ़ को लेकर पार्टी का स्पष्ट रोडमैप, लंबी अवधि की राजनीतिक रणनीति और सकारात्मक विजन नजर नहीं आ रहा।
उन्होंने कहा, “केवल पद पर बने रहना मेरे लिए राजनीति नहीं है। पद से अधिक मेरे लिए आत्मसम्मान, मेरा संघर्ष और वर्षों से मेरे साथ खड़े कार्यकर्ताओं का सम्मान महत्वपूर्ण है।”
उन्होंने यह भी कहा कि इस्तीफा किसी व्यक्ति विशेष के विरोध या व्यक्तिगत नाराजगी के कारण नहीं है, बल्कि लंबे राजनीतिक अनुभव और पार्टी की मौजूदा कार्यप्रणाली से पैदा हुई निराशा का परिणाम है।
उत्तम जायसवाल का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों की तैयारी में जुटी है। ऐसे में प्रदेश के प्रमुख पदाधिकारी का इस्तीफा पार्टी के लिए संगठनात्मक और राजनीतिक दोनों लिहाज से बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है।