NSUI में नई नियुक्तियां, 9 नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
रायपुर
छत्तीसगढ़ NSUI ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए 9 नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है। प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ की अनुशंसा पर ये नियुक्तियां की हैं। इनमें 4 विधानसभा अध्यक्ष और 5 जिला अध्यक्ष शामिल हैं। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
विधानसभा स्तर पर डेविड बघेल को पाटन, नंद कुमार नेताम को भानुप्रतापपुर, विक्रम मलिक को अंतागढ़ और नूतन पटेल को कांकेर विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है।
वहीं जिला स्तर पर दुष्यंत आर्या को मुंगेली, उस्मान रजा को बालोद, रोशन सिंह ठाकुर को खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, रंजेश सिंह क्षत्री को बिलासपुर ग्रामीण और समर्थ मिरानी को बिलासपुर शहर की जिम्मेदारी दी गई है।
NSUI ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन की रीति-नीति और संविधान के अनुरूप काम करने की अपेक्षा जताई है। उन्हें छात्र हितों की रक्षा के साथ संगठन को मजबूत, सक्रिय और जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
इन नियुक्तियों के जरिए NSUI ने विधानसभा और जिला स्तर पर अपनी संगठनात्मक टीम को और मजबूत करने की कोशिश की है।