राजनीति

साइबर ठगी के खिलाफ बलौदाबाजार में जनजागरण तेज, मंत्रियों से लेकर विधायक तक ने ली ‘जागरूकता की सेल्फी’

मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, टंकराम वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल और विधायक संदीप साहू ने दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

गोविंद राम | ब्यूरो चीफ


बलौदाबाजार।

साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान को अब जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रमुख लोगों का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे इस अभियान के तहत लोगों को डिजिटल ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए ‘जागरूकता की सेल्फी’ पहल शुरू की गई है।

मंत्रियों ने स्कैन किया क्यूआर कोड, लोगों से भी अभियान से जुड़ने की अपील

18 अगस्त को बलौदाबाजार प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा तथा छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने साइबर जागृति अभियान में सहभागिता निभाई। जनप्रतिनिधियों ने अभियान के आधिकारिक क्यूआर कोड को स्कैन कर ‘जागरूकता की सेल्फी’ ली और सोशल मीडिया के माध्यम से साझा करते हुए आम नागरिकों से भी अभियान का हिस्सा बनने की अपील की।

उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता और सतर्कता है। यदि प्रत्येक नागरिक स्वयं सावधान रहने के साथ दूसरों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करे, तो ऑनलाइन ठगी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

कसडोल विधायक संदीप साहू ने भी बढ़ाया जागरूकता का कारवां

इसी क्रम में कसडोल विधायक संदीप साहू ने भी 18 अगस्त को साइबर जागृति अभियान में भागीदारी की। उन्होंने अभियान के आधिकारिक पोस्टर पर उपलब्ध क्यूआर कोड स्कैन कर जागरूकता की सेल्फी ली और सोशल मीडिया पर साझा करते हुए आमजन एवं युवाओं से साइबर सुरक्षा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

विधायक ने कहा कि साइबर अपराध किसी एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज के सामने खड़ी चुनौती है। इसलिए ऑनलाइन लेन-देन के दौरान हर नागरिक को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

पंडित प्रदीप मिश्रा ने भी की अभियान की सराहना

छत्तीसगढ़ पुलिस के साइबर जागृति अभियान को भिलाई में आयोजित श्री शिव महापुराण कथा के दौरान सुविख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का भी समर्थन मिला। उन्होंने अभियान की सराहना करते हुए श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों से साइबर अपराधों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।

साइबर ठगी से बचने पुलिस की अपील

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अनजान लिंक पर क्लिक न करें, संदिग्ध कॉल से सावधान रहें तथा ओटीपी, पिन, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी और व्यक्तिगत वित्तीय जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

पुलिस ने नागरिकों से साइबर जागृति अभियान से जुड़कर स्वयं जागरूक होने के साथ परिवार, मित्रों और परिचितों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया है।

Leave Your Comment

Click to reload image